आगामी लोकसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक के साथ एक संभावित चुनावी गठबंधन का संकेत देते हुए डीएमडीके ने गुरुवार को कहा कि अगले कुछ दिनों में इस पर निर्णय लिया जाएगा।
यहां संवाददाताओं के साथ बातचीत में डीएमडीके के वरिष्ठ नेता एल के सुतीश ने भाजपा के राज्य प्रभारी पीयूष गोयल के साथ बुधवार को हुई बातचीत का हवाला दिया। उन्होंने बताया, आप जानते हैं कि कल हमने एक निजी होटल में बातचीत की...आगामी कुछ दिनों में हम सीटों की संख्या और क्षेत्रों के बारे में बता देंगे।
डीएमडीके के संस्थापक विजयकांत के रिश्तेदार सुतीश ने कहा कि पार्टी ने भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर अपनी बातचीत शुरू की है जिसने उसे बताया है कि तमिलनाडु में गठबंधन की अगुवाई अन्नाद्रमुक कर रही है।
इससे पहले डीएमडीके कई यू-टर्न कर चुकी हैं। जहां एआईएडीएमके-भाजपा गठबंधन ने घोषणा की थी कि डीएमडीके लोकसभा चुनावों के लिए उसके साथ है वहीं विजयकांत की पार्टी की ओर से बयान आया कि वो अभी इस बारे में विचार कर रहे हैं और अगले दो दिन में इसकी घोषणा करेंगे। ठीक इसी दिन, डीएमके नेताओं ने कहा कि डीएमडीके स्टालिन की पार्टी के पास गठबंधन की नीयत से गई थी। और ये सब प्रधानमंत्री मोदी के चेन्नई दौरे से पहले हुआ।
(इनपुट- भाषा)