भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव को लेकर भारतीय वायुसेना किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। साथ ही वायुसेना ने स्पष्ट संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच तनाव अब भी बरकरार है।
पाकिस्तान की नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के दस्तावेजों का हवाला देते हुए भारतीय वायुसेना ने कहा कि पड़ोसी मुल्क ने सिर्फ ओमान, ईरान, अफगानिस्तान और चीन के लिए अपने हवाई क्षेत्र को दोबारा बहाल किया है। भारत-पाकिस्तान हवाई क्षेत्र के साथ 11 ऐसे प्रवेश और निकास प्वाइंट हैं, जिन्हें पाकिस्तान ने अब भी बंद रखे हैं।
गुरुवार को वायुसेना की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पाकिस्तानी वायुसेना की किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई को नाकाम करने के लिए भारतीय हवाई सीमा में कड़ी चौकसी बरती जा रही है। पाकिस्तानी सीमा के आसपास वायुसेना के सभी एयरबेस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हम हर तरीके से तैयार हैं।
बताते चलें कि पुलवामा में आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना की पाकिस्तान के बालाकोट और पीओके में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद दोनों देशों में तनाव बढ़ गया है।