आगामी लोकसभा चुनावों के लिए निर्वाचन आयोग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अगले कुछ दिनों में आयोग चुनावों की आधिकारिक घोषणा कर सकता है। 2019 लोकसभा चुनाव की तारीख की घोषणा होने के बाद देश में चुनावी आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। ऐसे में आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखने के लिए आयोग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस बार चुनाव आयोग 'सी-विजिल' नाम के मोबाइल ऐप की मदद से व्यवस्था पर निगरानी रखेगा। इसके माध्यम से मतदाता और आम नागरिक, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने पर आसानी से शिकायत दर्ज करा सकेंगे। यह ऐप चुनाव की आधिकारिक घोषणा के बाद से सक्रिय हो जाएगा।
सी-विजिल ऐप के माध्यम से लोग फोटो भेज कर या दो मिनट तक के वीडियो अपलोड कर के आयोग तक अपनी शिकायत पहुंचा सकते हैं। ऐप को दुरुपयोग से बचाने के लिए भी कई फीचर बनाए गए हैं। यह ऐप पहले से अपलोड किए गए वीडियो और फोटो को स्वीकार नहीं करता है। फोटो खींचने और वीडियो बनाने के बाद शिकायतकर्ता के पास रिपोर्ट करने के लिए केवल 5 मिनट का वक्त होता है।
इस ऐप को चुनाव आयोग ने पिछले साल जून में लॉन्च किया गया था, जिसका पहला प्रयोग 2018 नवंबर-दिसंबर में राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम में हुए विधानसभा चुनावों में किया गया था। ऐप के माध्यम से दर्ज की गई शिकायतों में से 70 प्रतिशत शिकायत जांच में सच पाई गई थीं।