हैदराबाद में इमरान खान पर भड़के ओवैसी
- फोटो : Amar Ujala
एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद में एक चुनावी रैली के दौरान भाजपा के 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' कार्यक्रम पर तंज कसा। ओवैसी ने कहा,
मेरे मुसलमान होने पर शायद तुम्हें शक होगा कि ये वफादार है या देश-विरोधी है। मगर सुनो मेरी एक बात को, अगर भाजपा ये कह रही है कि मेरा बूथ सबसे मजबूत, मैं कह रहा हूं कि मेरी सरहद मजबूत तो मेरा देश मजबूत।"
गुरुवार को ही प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया की सबसे बड़ी वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिए 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत एक करोड़ कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया था।
ओवैसी ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान को भी जमकर घेरा। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के प्रधानमंत्री अपनी संसद में टीपू सुल्तान और बहादुर शाह जफर की बात करते हैं। टीपू सुल्तान हिंदुओं का दुश्मन नहीं था बल्कि जो लोग उसकी सल्तनत के विरोधी थे, उनका दुश्मन था। फिर चाहे वो हिंदू हों या मुसलमान। इमरान खान एटम बम की बात करते हैं। यहां नहीं है क्या? यहां भी है। ये क्या बात है। पहले आप जैश-ए-शैतान को खत्म करो, लश्कर-ए-शैतान को खत्म करो।"
असदुद्दीन ओवैसी, हैदराबाद से सांसद हैं। इस बार के लोकसभा चुनाव में भी वो यहीं से ताल ठोकने वाले हैं। ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और टीआरएस में समझौता हो चुका है। कांग्रेस, उनके सामने मोहम्मद अजहरुद्दीन को मैदान में उतार सकती है। 2014 में अजहर ने टोंक सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन वो हार गए थे।