पांच चरण के चुनाव के बाद 425 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। आने वाले दो चरणों में बाकी 118 सीटों पर मतदान होना है, जिसके लिए राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां जारी है, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, महागठबंधन, सपा-बसपा गठबंधन समेत हर छोटे बड़े दल जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रम में लगे हैं। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
-पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर 1 बताए जाने पर चुनाव आयोग ने पीएम नरेंद्र मोदी को क्लीन चिट दी। आयोग ने कहा कि इस बयान में प्रथम दृष्टया चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हुआ है। इसलिए इस मामले को खारिज किया जाता है।
-लोकसभा चुनाव 2019 के लिए पांच चरणों के चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में सियासी संग्राम चरम पर जाता दिख रहा है। यहां आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और भाजपा नेता हिमंता विश्वा सरमा के काफिले पर हमला हुआ। भाजपा ने इसके पीछे टीएमसी कार्यकर्ताओं का हाथ बताया है।
-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोकसभा चुनावों में गोल पोस्ट (मानक) बदलने और सशस्त्र बलों की वीरता एवं शहादत का दुरूपयोग करने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि इतिहास उन्हें महज स्टंटमैन की तरह याद करेगा न कि महान ‘‘स्टेटस्मैन’’ (राजनेता) के तौर पर। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री बेरोजगारी, काला धन, अर्थव्यवस्था, एमएसएमई क्षेत्र में निराशा पर बात नहीं कर रहे हैं। सिंघवी ने कहा कि इसके बजाय वह अप्रासंगिक मुद्दों पर बात कर रहे हैं क्योंकि 2014 में किए गए वादों पर उन्होंने कोई काम नहीं किया।
-नामांकन रद्द होने के खिलाफ बर्खास्त बीएसफ जवान तेज बहादुर यादव की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को सुनवाई होगी।
-विपक्षी दल के नेताओं की चुनाव आयोग के साथ बैठक के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि आयोग का काम पारदर्शी तरीके से चुनावी प्रक्रिया का पालन करना है। यही हम कह रहे हैं। हम लोकतंत्र को बचाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने कुछ बातें मानीं, वो इस पर काम कर रहे हैं। उन्हें काम करने दीजिए, हम फिर तय करेंगे आगे क्या करना है।
-चंडीगढ़ में अनुपम खेर: मैंने 515 फिल्में की हैं। सभी हिट नहीं हैं। जिस अखबार ने ये लिखा कि कम भीड़ की वजह से रैली रद्द हो गई उसे आज की ये भीड़ देखनी चाहिए। ये सच बोलना हमने मोदीजी से सीखा है।
-हरियाणा के रोहतक में प्रियंका गांधी वाड्रा ने रोहतक से उम्मीदवार दीपिंदर सिंह हुड्डा के रोड शो में लिया हिस्सा।
-बंगाल के पुरुलिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने मोदी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा, "मोदी पहले हाफ पैंट पहनकर घूमते थे, अब लाखों-करोड़ों रुपये हैं। एक हाथ में गदा, एक में तलवार। गदा से लोगों का सिर फोड़ेंगे और तलवार से गला काटेंगे। मेरे पास पैसा नहीं है, मुझे फर्क नहीं पड़ता। जब मोदी बंगाल आते हैं तो मुझे टोलाबाज कहते हैं। मन करता है कि उन्हें लोकतंत्र का जोरदार थप्पड़ मारूं।"
-भाजपा नेता राम माधव ने ने कहा, "जमीनी रिपोर्ट के आधार पर हम कह सकते हैं कि भाजपा 2014 से बेहतर नहीं तो, कम से कम वैसा ही प्रदर्शन कर सकती है। एनडीए की बात की जाए तो हमारे पास एक स्थिर सरकार चलाने के लिए अच्छा बहुमत होगा।"
-झारखंड के धनबाद में राहुल गांधी ने अपने उम्मीदवार कीर्ति आजाद के समर्थन में निकाला रोड शो।
-मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा: हमने आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 21 लाख किसानों की सूची दी है जिनके कर्ज माफ कर दिए गए। कृषि वेबसाइट पर भी ये सूची मौजूद है। शायद उन्हें ये नहीं पता कि इसे कैसे देखना है!
पढ़ें पूरी खबर
-पूर्वी दिल्ली के रिटर्निंग ऑफिसर ने दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को आचार संहिता उल्लंघन के मामले में नोटिस जारी किया है। सिसोदिया ने धर्म के नाम पर ट्वीट कर आप उम्मीदवार आतिशी के पक्ष में मतदान करने को कहा था। उनसे बुधवार शाम पांच बजे तक जवाब देने को कहा गया है।
-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली के मंडावली में राहुल-प्रियंका पर हल्ला बोलते हुए कहा: कांग्रेस पूरी तरफ फेल हो गई है। शहजादा भी फेल हो गया इसलिए वो शहजादी को लेकर आए। वो अमेठी में मासूम बच्चों को गाली देना सिखा रही थीं। ये गालियां इटली जाकर सिखाओ।
-रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कोलकाता में कहा: केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद दीदी के सिंडिकेट मोर्चा से जुड़े लोग हर तरफ फैले हैं। ममता बनर्जी लोकतंत्र की बात करती हैं लेकिन वही लोकतंत्र का उल्लंघन करती हैं।
--अंबाला में बोलीं प्रियंका गांधी: देश ने अहंकार को कभी माफ नहीं किया। ऐसा अहंकार दुर्योधन में भी था। जब भगवान कृष्ण उन्हें समझाने गए तो उनको भी दुर्योधन ने बंधनक बनाने की कोशिश की। दिनकरजी की पंक्तियां हैं- जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।
-मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उज्जैन संसदीय क्षेत्र के महिदपुर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमने 75 दिन में कर्ज माफी सहित अपने 85 वचन पूरे किए। प्रदेश की घोषणाओं वाली सरकार को बदलने के बाद अब केंद्र की जुमले वाली सरकार को बदलना है।
-अंबाला में प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीएम मोदी की तुलना दुर्योधन से करते हुए कविता पढ़ी।
-मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल को लोकसभा मतदान के दौरान मतदान केंद्र संख्या 339 एवं 340 पर हुए फर्जी मतदान को लेकर निर्वाचन आयोग ने सभी मतदानकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही केस भी दर्ज कराया गया है।
-झारखंड के चाईबासा में बोले राहुल गांधी: मोदीजी, आप आदिवासियों की चर्चा करते हो, मुझे एक उदाहरण देदो जहां आपने उन्हें जमीन वापस की हो। अपनी जेब में हाथ डालिए, बटुआ खोलिए आपको पता लगेगा कि आपके बटुए से पैसा मोदी जी ने निकाल लिया है। आदिवासी भाइयों-बहनों, अपने जंगल-जल-जमीन को देखिए, आपको पता लगेगा कि अनिल अंबानी को मोदीजी ने आपका जल-जंगल-जमीन छीने हैं।
-बंगाल के घाटाल में अमित शाह ने रैली में लगवाए जय श्री राम के नारे। शाह ने कहा कि राम का नाम यहां नहीं तो क्या पाकिस्तान में लेंगे।
-केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने कहा है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर के साथ उनकी बैठक काफी अहम रही। हमने राष्ट्रीय राजनीतिक परिदृश्य की चर्चा की। केसीआर के मुताबिक एनडीए या यूपीए, किसी को बहुमत मिलने नहीं जा रहा। इसलिए क्षेत्रीय दलों की बड़ी भूमिका रहेगी। पीएम उम्मीदवार को लेकर कोई चर्च नहीं हुई।
-तेलंगाना राष्ट्र समिति की सांसद कविता ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन के बीच कोई समझौता अभी नहीं हुआ है।
-सुप्रीम कोर्ट ने 50 फीसदी वीवीपैट पर्चियों से मिलान वाली याचिका खारिज कर दी है। 21 विपक्षी दलों ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका खारिज होने के बाद विपक्ष को बड़ा झटका लगा है।
-भोपाल में दिग्विजय सिंह के समर्थन में साधु-संतों ने धूनी रमाई। यहां दिग्जिवय सिंह, पत्नी अमृता सिंह के साथ पूजा और हवन करते नजर आए। दिग्विजय के खिलाफ भाजपा ने यहां साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को मैदान में उतारा है।
पढ़ें पूरी खबर
-मध्यप्रदेश में किसानों के कर्जमाफी मुद्दे पर भाजपा लगातार कमलनाथ सरकार पर आरोप लगा रही है। आरोप ये है कि कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनाव में वादे के बाद भी किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के घर पहुंचा है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता कर्जमाफी के सबूत सौंपेंगे।
-आंध्र प्रदेश:
टीडीपी नेता और राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडु ने वीवीपैट वाले 50 फीसदी ईवीएम का पर्ची से मिलान करने का आग्रह करते हुए चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है। आज सुप्रीम कोर्ट में ईवीएम-वीवीपैट मामले पर सुनवाई होने वाली है।
-बिहार के मुजफ्फरपुर में एक होटल से छह ईवीएम बरामद किया गया है। इसके बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसडीओ ने ईवीएम को अपने कब्जे में ले लिया। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट के ड्राइवर ने मतदान करने की इच्छा जताई थी। अपने ड्राइवर की इच्छापूर्ति के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट ने ईवीएम और वीवीपैट को एक प्राइवेट होटल में उतार लिया। डीएम ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट से कारण पूछा गया है।
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बिहार और पश्चिम बंगाल में रैलियां करेंगे। बंगाल के पश्चिमी मेदनीपुर और विष्णुपुर में जनसभा करने के बाद वह पटना के गांधी मैदान में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के लिए भी रैली करेंगे। पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के लिए प्रसाद का मुकाबला उनकी ही पार्टी के बागी नेता शत्रुघ्न सिन्हा से है।
-पांच चरणों के चुनाव के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे को चारों खाने चित करने का दावा कर रही है। वहीं, दूसरी ओर एक बार फिर तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट देखने को मिल रही है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री टीआरएस नेता के चंद्रशेखर राव और केरल के मुख्यमंत्री माकपा नेता पिनरई विजयन की बीती रात की मुलाकात को इसी नजरिए से देखा जाने लगा है। बताया जा रहा है कि तिरुवनंतपुरम के बाद राव चेन्नई में डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से भी बात करने वाले हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
-रायबरेली में सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अजय अग्रवाल वाराणसी में पीएम मोदी के खिलाफ प्रचार करेंगे। वाराणसी से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के समर्थन में वह प्रचार करेंगे। मीडिया को उन्होंने बताया कि चुनाव के अंतिम चरण के चुनाव प्रचार की आखिरी तारीख 17 मई तक वह वाराणसी में प्रवास कर पीएम मोदी के खिलाफ प्रचार करेंगे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर की गई पीएम मोदी की टिप्पणी को शर्मनाक बताया है।