-तहसीन पूनेवाला ने भोपाल से भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा सिंह ठाकुर के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर आतंक की आरोपी है इसलिए उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाई जाए।
-टेक्नोक्रेट से राजनीतिक नेता बने सैम पित्रोदा ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह महसूस करते हैं कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में कुछ गड़बड़ है। इस कांग्रेस नेता ने कहा वह फिलहाल इस गड़बड़ी की ओर ठीक ठीक इशारा नहीं कर सकते और इसके लिए इस मशीन का अध्ययन करने की जरूरत है। पित्रोदा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा ‘बतौर अभियंता, एक तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में, मैं ईवीएम से संतुष्ट नहीं हूं।’ उन्होंने कहा कि लेकिन मैं साफ साफ कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूं क्योंकि मेरे पास ईवीएम नहीं है। अगर कोई मुझे एक साल के लिए ईवीएम अध्ययन के लिए दे दे, तब ही मैं कुछ कह सकता हूं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के सलाहकार रहे पित्रोदा ने कहा, ‘‘आपको डिजाइन और सॉफ्टवेयर समझना होगा। लेकिन एक बात बहुत निश्चित है कि इसके साथ कुछ तो गड़बड़ है। हमें नहीं पता कि क्या गलत है।’’
-जननायक जनता पार्टी ने हरियाणा के उम्मीदवारों का एलान किया। हिसार से दुष्यंत चौटाला, सिरसा से सरदार निर्मल सिंह, रोहतक से प्रदीप देसवाल और भिवनानी से स्वाति यादव को टिकट मिला है।
-इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने पार्टी के घोषणापत्र को लेकर कहा कि इसमें 52 वादों का जिक्र है। हम जब भी सत्ता में आएंगे तो मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि घोषणापत्र को लागू किया जाएगा। ये कोई झूठा वादा नहीं होगा। हमने देश भर में लोगों से बात करते घोषणापत्र बनाया है।
-कांग्रेस में होने के बावजूद लखनऊ से सपा उम्मीदवार और अपनी पत्नी पूनम सिन्हा के प्रचार के आरोपों पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि परिवार का मुखिया होने और उनका पति होने के नाते परिवार के साथ खड़ा होना मेरा फर्ज है।
-आम आदमी पार्टी के गोपाल राय ने कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर कहा कि हमने हर संभव कोशिश की। संजय जी ने बातचीत भी की लेकिन समझ नहीं आता कि मामला लगभग तय होने के बाद कांग्रेस ने आखिरी मौके पर पीछे कैसे हट गई।
-कर्नाटक के बागलकोट में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा: बीते एक साल से राज्य में चलने वाला नाटक खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा। इस नाटक में भावनाएं और बदला सब कुछ है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि रैलियों और प्रेस कॉन्फ्रेंस में भावनाएं उफान मार रही हैं। कर्नाटक में लाचार सरकार है, कुमारस्वामी का अक्सर भावुक होकर उद्गार व्यक्त करना ‘नाटक’ है।
-चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को 'मोदी की सेना' वाली टिप्पणी पर चेतावनी जारी की है। आयोग ने नकवी से भविष्य में राजनीतिक प्रचार के लिए सुरक्षा बलों के संदर्भों का उपयोग करने से बचने के लिए कहा है।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक की अपनी रैली में कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मजबूर सरकार के दौरान पाकिस्तान खुलेआम कहता था कि मेरे ‘जेहादी’ हैं, कर लो क्या कर सकते हो? कांग्रेस की मजबूर सरकार रोती फिरती थी।
-उत्तर कन्नड़ा में चुनाव अधिकारियों ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के सामान की तलाशी ली।