फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LS Polls: पंजाब में आप और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर नहीं बन पाई सहमति, राज्य इकाइयां गठबंधन के खिलाफ

Sun, 21 Jan 2024 06:02 AM IST
गुलाम अहमद अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
आप-कांग्रेस - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पंजाब के उम्मीदवारों पर चर्चा के लिए आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं की बैठक शनिवार को दिल्ली के सीएम एवं आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई। इसमें आप संयोजक केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, महासचिव (संगठन) संदीप पाठक, सांसद राघव चड्ढा और अन्य नेता मौजूद थे।

विज्ञापन


सूत्रों के अनुसार नेताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए पंजाब के उम्मीदवारों पर चर्चा की। सीट-बंटवारे की संभावना जैसे कई अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया, लेकिन चर्चा किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। आने वाले दिनों में और बैठकें होंगी। आप और कांग्रेस, विपक्षी इंडिया गुट के दोनों साझेदार, दिल्ली और पंजाब सहित राज्यों के लिए सीट-बंटवारे पर बातचीत कर रहे हैं।

हालांकि दोनों पार्टियों के सूत्रों ने दावा किया है कि उनकी राज्य इकाइयां चुनाव के लिए उनके बीच गठबंधन के पक्ष में नहीं थीं। चर्चा है कि पंजाब में 50-50 प्रतिशत सीटें शेयर करने की संभावनाओं थी, लेकिन कांग्रेस ने इस बात पर जोर दिया है कि उसे 2019 के लोकसभा चुनावों में जीती गईं सभी आठों सीटों पर चुनाव लड़ने दिया जाए।  
विज्ञापन


सीट बंटवारे पर ममता ही लेंगी अंतिम फैसला
तृणमूल कांग्रेस प्रवक्ता कुणाल घोष ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी लेंगी। पार्टी ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस प्रदेश में सीटों के बंटवारे को लेकर अनुतिचत सौदेबाजी नहीं कर सकती। घोष ने कहा, 2021 के विधानसभा चुनाव परिणामों में सीपीआई (एम) के साथ गठबंधन में कांग्रेस ने खराब प्रदर्शन किया था। इसी आधार पर तृणमूल ने कांग्रेस को 42 लोकसभा सीटों में से दो की पेशकश की है। इस मामले में कांग्रेस की प्रदेश इकाई अनुचित सौदेबाजी नहीं कर सकती।  

भाजपा का गांव चलो अभियान 4 से 11 फरवरी तक
आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा 4 से 11 फरवरी तक गांव चलो अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके गृह जिलों से दूर 7 लाख गांवों में तैनात किया जाएगा। इस दौरान उन्हें सभी बूथों पर 24 घंटे बिताने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जिन कार्यकर्ताओं को दूसरे जिलों में प्रतिनियुक्त किया जाना है, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें प्रवासी कार्यकर्ता नाम दिया है। इस दौरान कार्यकर्ता भाजपा के विकास कार्यों के बारे में जनता को बताएंगे और लोगों के साथ अपने जुड़ाव को गहरा एवं चुनाव के मद्देनजर जनता का विश्वास, समर्थन अर्जित करने का प्रयास करेंगे।

मूल मतदाता वर्ग के अलावा अन्य लोगों से भी जुड़ेगी पार्टी
स्थानीय पार्टी कैडर को पार्टी की कई योजनाओं को आगे बढ़ाने का भी काम सौंपा जाएगा, जिसका उद्देश्य अपने मूल मतदाता वर्ग के अलावा अन्य लोगों तक पहुंचना है। पार्टी के शीर्ष पदाधिकारी राज्यों में मतदाता सूचियों की जांच करेंगे और लोगों को नमो एप के माध्यम से विकसित भारत के ब्रांड अंबेसडर के रूप में स्वेच्छा से काम करने में सक्षम बनाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें