एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को हैदराबाद में कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव में बिहार के किशनगंज सीट पर अपना उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी ने उम्मीदवार के रूप में अख्तारूल इमाम के नाम की भी घोषणा कर दी। ओवैसी ने कहा कि वह अख्तारूल को मैदान में उतारेंगे। वह यहां पार्टी मुख्यालय में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
गौरतलब है कि औवेसी अपनी पार्टी के इकलौते सांसद हैं और वह लोकसभा में हैदराबाद संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में उनकी पार्टी प्रकाश आम्बेडकर की पार्टी के साथ काम कर रही है और उनके दल के नेता उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में अगली रणनीति बनाने पर विचार कर रहे हैं।
बदला-सा होगा किशनगंज का समीकरण
बिहार के किशनगंज सीट कांग्रेस का कब्जा रहा है। कांग्रेस नेता मौलाना असरारुल हक यहां से सांसद थे। करीब 80 वर्ष की आयु में पिछले साल सात दिसंबर को उनकी मृत्यु हो गई। लोकसभा चुनावों के समय पार्टी प्रचार के लिए यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी भी यहां आती रही हैं। असरारुल हक की मृत्यु के बाद इस बार यहां का समीकरण कुछ बदला-बदला सा होगा।
भाजपा पर भी साधा था निशाना
असदुद्दीन ओवैसी ने संबोधन के दौरान भाजपा पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि मेरे मुसलमान होने पर शायद तुम्हें शक होगा कि यह वफादार है या ऐंटी नैशनल है, मगर सुनो मेरी एक बात को, अगर भाजपा यह कह रही है कि मेरा बूथ सबसे मजबूत, तो मैं कह रहा हूं कि मेरा सरहद मजबूत तो मेरा देश मजबूत। मालूम हो कि भारतीय वायु सेना के पायलट अभिनंदन के पाकिस्तान सेना की कस्टडी में रहते प्रधानमंत्री का 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम में हिस्सा लेने की विपक्षी पार्टियों ने आलोचना की थी।
(इनपुट: भाषा)