फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव 2019: चुनावी पिच पर इस बार भी खिलाड़ियों का पंच, 7 उम्मीदवार घोषित

Thu, 25 Apr 2019 04:46 AM IST
गौरव द्विवेदी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
गौतम गंभीर, विजेंद्र सिंह (फाइल फोटो)
विज्ञापन

सियासत की पिच पर इस बार भी खिलाड़ियों का डंका बजता नजर आ रहा है। इस बार सात खिलाड़ियों को उम्मीदवार घोषित किया गया है। इनमें से तीन पहली बार सियासी मैदान में उतरे हैं। क्रिकेटर गौतम गंभीर भाजपा से तो बॉक्सर विजेंदर सिंह कांग्रेस के टिकट पर दिल्ली का रण जीतने उतरे हैं। पिछले आम चुनाव की बात करें तो कुल आठ में से छह नवोदित खिलाड़ी चेहरे चुनावी दंगल में कूदे थे। इनमें से शूटर राज्यवर्धन सिंह राठौड़, पंजाब के पूर्व लेग स्पिनर अश्वनी मिन्ना और फुटबालर प्रसून बनर्जी ने संसद में कदम भी रखा। इस बार गंभीर, विजेंदर के अलावा फुटबॉलर कल्याण चौबे के रूप में नए खिलाड़ी मैदान में हैं। मिन्ना का टिकट इस बार भाजपा ने काट दिया। 

विज्ञापन


टिकट हासिल करने वालों में राज्यवर्धन राठौड़ (भाजपा, जयपुर ग्रामीण), प्रसून बनर्जी (हावड़ा, तृणमूल कांग्रेस) और राजस्थान से विधायक कृष्णा पूनिया (जयपुर ग्रामीण, कांग्रेस), कीर्ति आजाद (धनबाद, कांग्रेस) शामिल हैं। गौतम गंभीर पूर्वी दिल्ली से भाजपा से तो,  विजेंदर सिंह दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार हैं। 2014 में कांग्रेस ने मोहम्मद कैफ, तृणमूल कांग्रेस ने बाईचुंग भूटिया, बीजू जनता दल ने दिलीप टिर्की को टिकट दिया था। इन तीनों को ही हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, पुराने चेहरों में कीर्ति आजाद को जीत हासिल हुई और मो. अजहरुद्दीन को हार मिली। कीर्ति को कांग्रेस से टिकट मिल चुका है। पिछले आम चुनाव में सौरव गांगुली, फुटबॉलर आईएम विजयन को कांग्रेस ने चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन दोनों ने मना कर दिया। हालांकि आखिरी समय में विजेंदर सिंह तैयार हो गए।

खिलाड़ियों की पसंदीदा बनी भाजपा

इस आम चुनाव में टिकट हासिल करने के लिए खिलाड़ियों की सबसे मनपसंद पार्टी सत्ताधारी भाजपा है। कांग्रेस ने केवल एक नए खिलाड़ी चेहरे ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बॉक्सर विजेंदर पर दांव लगाया है। वहीं, भाजपा ने बंगाल की कृष्णानगर सीट से पूर्व गोलकीपर कल्याण चौबे को उम्मीदवार बनाया है। राजनीति में प्रवेश को लेकर ओलंपिक कांस्य विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त का भी नाम उछला, लेकिन उन्होंने साफ कह दिया कि अभी उनका कोई इरादा नहीं है। इसी तरह पैरालंपिक मेडलिस्ट दीपा मलिक का भी नाम चर्चा में रहा, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। 
विज्ञापन


दो ओलंपियनों के बीच पहली चुनावी जंग

हस्तियों और फिल्मी सितारों के बीच तो मुकाबले देखे गए हैं, लेकिन दिग्गज ओलंपियनों के बीच पहली चुनावी जंग का गवाह बनेगा यह आम चुनाव। जयपुर ग्रामीण से भाजपा के उम्मीदवार एथेंस ओलंपिक के रजत पदक विजेता केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ फिर मैदान में हैं तो उनके खिलाफ कांग्रेस ने दिल्ली कॉमनवेल्थ खेलों की गोल्ड मेडलिस्ट ओलंपियन डिस्कस थ्रोअर कृष्णा पूनिया को उतारा है। पूनिया राजस्थान से कांग्रेस की विधायक भी हैं।

खेल प्रशासक भी ठोक रहे चुनावी ताल

खेल प्रशासक भी सियासी पिच पर किस्मत आजमा रहे हैं। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह फिर कैसरगंज से भाजपा के टिकट पर खड़े हैं। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भाजपा से गुड़गांव में चुनौती देंगे। भारतीय ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सांसद अनुराग ठाकुर हमीरपुर से खड़े हैं। एनआरएआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सांसद कालिकेश सिंह देव बीजद से मैदान में हैं।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें