दिग्विजय के स्टंट पर पानी फेरने वाले युवक को भाजपा ने किया सम्मानित
- फोटो : फाइल फोटो
तारीख थी-22 अप्रैल। शहर था- भोपाल। मंच था, माइक था और माइक पर नेताजी थे-दिग्विजय सिंह। उस दिन कुछ तो ऐसा हुआ जो आज के रुझानों को देखकर याद दिलाता है कि नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और उनकी आमद की आहटों के इशारे यहां-वहां से झांक रहे थे।
एक नौजवान को बिल्कुल नाटकीय अंदाज में दिग्विजय सिंह अपने पास बुलाते हैं। उससे पूछते हैं कि क्या तुम्हारे खाते में 15 लाख रुपए आए। इस पर लड़के ने ऐसा जवाब दिया कि दिग्विजय के साथ ही सभी कांग्रेसी नेताओं के माथे पर बल पड़ गए और उन्होंने लड़के को फौरन मंच से उतार दिया। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने भरे मंच से एक लड़के को भीड़ से बुलाकर पूछा-
तुम्हारे खाते में आ गए। आ जाओ। इधर आ जाओ। अकाउंट नंबर ले आओ तुम्हारा। हम तुम्हारा नागरिक अभिनंदन करेंगे। तुम्हारे खाते में 15 लाख रुपए आ गए। आ जाओ बेटे आ जाओ...तेरे खाते में मोदी जी ने 15 लाख रुपए दिला दिए।
दिग्विजय सिंह की इस बात पर लड़का मंच पर आया और बोला-
'सर्जिकल स्ट्राइक करके मोदी जी ने आतंकवादियों को मारा।' इस पर दिग्विजय सिंह बोले- अरे 15 लाख रुपए आए कि नहीं...। इतना कहना था कि वहां मौजूद कांग्रेस के एक नेता ने लगभग धकियाते हुए लड़के मंच से उतार दिया।
आज के बारे में क्या कहता है महीने भर पुराना वीडियो
ये वीडियो बताता है कि मोदी की प्रचंड विजय के पीछे कहीं न कहीं ऐसे करोड़ों युवा भी रहे। रोजगार, किसान, अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर मोदी सरकार की घोर आलोचना करने वाले दिग्विजय सिंह को उम्मीद भी नहीं रही होगी कि उन्हें ऐसा जवाब मिलेगा। कहा तो ये भी जा सकता है कि दिग्विजय सिंह की जगह कोई और नेता भी वहां हो सकता था और पूरी संभावना थी कि युवक इसी तरह का कोई जवाब देता। बाद में कुछ लोगों ने युवक को खोज भी निकाला। उसका नाम अमित माली है। जब उससे पूछा गया कि क्या वो भाजपा का कार्यकर्ता है तो उसका जवाब था कि वो मोदी की नीतियों से खासा प्रभावित है और एयर स्ट्राइक ने उस पर गहरा असर किया है। इस वीडियो से ये भी मालूम होता है कि एयर स्ट्राइक, मोदी सरकार के लिए बड़ा मुद्दा साबित हुआ। 'राष्ट्रवाद' की जनभावना पर सवार होकर इस एक अकेले मुद्दे ने न जाने कितने दूसरे मुद्दों पर सर्जिकल स्ट्राइक कर दी।