तृणमूल कांग्रेस ने शुभ्रांशु रॉय को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन्हें पार्टी विरोधी बयान देने के लिए छह साल के लिए तृणमूल कांग्रेस से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। शुभ्रांशु रॉय भारतीय जनता पार्टी के नेता मुकुल रॉय के बेटे हैं। वह दो बार बीजपुर से विधायक भी रह चुके हैं। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने शुक्रवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए शुभ्रांशु रॉय को पार्टी से बाहर करने के फैसले की जानकारी दी।
पार्थ चटर्जी ने कहा कि शुभ्रांशु रॉय लगातार पार्टी विरोधी बयानबाजी कर रहे थे। जिसके बाद पार्टी की अनुशासन इकाई ने सूबे की मुख्यमंत्री और टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी के साथ सलाह के बाद शुभ्रांशु रॉय को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
दरअसल, शु्भ्रांशु रॉय ने एक दिन पहले ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने पिता की तारीफ की थी। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने पिता के संगठनात्मक क्षमता की तारीफ करते हुए कहा था कि उनके पिताजी के पास उनसे ज्यादा अच्छी संगठनात्मक कौशल है। शुभ्रांशु रॉय ने अपने पिता को बंगाल की राजनीति का असली चाणक्य बताया था। उनका कहना था कि हमारी पार्टी की हार हुई है और जनता ने हमारे खिलाफ मतदान किया है। हमें इस बात को स्वीकार करना चाहिए। उनके इस ही बयान के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पार्टी ने शुभ्रांशु को टीएमसी से बाहर का रास्ता दिखाया।