तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उम्मीदवार मुनमुन सेन ने आसनसोल में हुई हिंसा को लेकर अजीबोगरीब बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने अभी तक अपने वरिष्ठों से मुलाकात नहीं की हूं, जब हम मिलेंगे तो पता चलेगा कि कहां हिंसा हुई है। थोड़ा तो होगा ही, हर जगह होता है, पहले के मुकाबले कम हिंसा हुई है।
भाजपा ने आसनसोल से बाबुल सुप्रियो को मैदान में उतारा है। वहीं उनकी कार पर पोलिंग बूथ के बाहर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया। बाबुल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जिक्र कर टीएमसी कार्यकर्ताओं पर उन पर हमला करने का आरोप लगाया है।
बाबुल सुप्रियो को टक्कर देने के लिए टीएमसी ने आसनसोल लोकसभा से मुनमुन सेन को उतारा है। मुनमुन सेन के यहां से उतरने से लड़ाई दिलचस्प हो गई है। 2014 में मुनमुन सेन ने बंगाल की बांकुरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्होंने आठ बार के सांसद सीपीआई के बासुदेव आचार्य को हराया था।