भोपाल सीट से भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार रात महाकाल मंदिर जाकर पूजा अर्चना की। इसके बाद वहां मौजूद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उनके लिए चुनौती नहीं हैं। लोकसभा चुनाव धर्म और अधर्म के बीच युद्ध की तरह है और जीत धर्म की ही होगी।
अल्पसंख्यक मतदाताओं को लेकर साध्वी ने कहा कि मैं देश की बात करती हूं। देश सुरक्षित देखना चाहती हूं, यही धर्म है। धर्म का मतलब सिर्फ और सिर्फ पूजा नहीं होता है। कुछ लोग धर्म की आड़ में नाटक करते हैं। लेकिन जनता सब देख रही है। साध्वी से मिलने के लिए मंदिर के बाहर उनके समर्थक भी पहुंचे थे जिन्होंने उनका जोरदार स्वागत किया।
बता दें कि साध्वी 1996 से लेकर 1998 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की संगठन मंत्री रही हैं। साध्वी उस दौरान 'मिस मालवा' प्रतियोगिता भी जीत चुकी हैं। उनका महाकाल मंदिर से शुरू से ही जुड़ाव रहा है, वह मंदिर हमेशा आती रहती हैं।