प्रधानमंत्री के तौर पर अपना दूसरा कार्यकाल शुरू करने जा रहे नरेंद्र मोदी के अल्पसंख्यकों वाले बयान पर एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने निशाना साधा है। शनिवार को पीएम मोदी ने संसद में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा था कि अल्पसंख्यकों को अबतक केवल छला गया है। वोट बैंक के लिए उन्हें भ्रम और भय में रखा गया है। इसी बयान पर रविवार को ओवैसी ने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
अगर मुस्लिम सही में डर के साये में जी रहे हैं तो क्या मोदी ये बता सकते हैं कि उनकी खुद की पार्टी भाजपा के 300 से ज्यादा सांसदों में कितने सांसद मुस्लिम हैं। यह तो नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी का पाखंड और विरोधाभास है, जोकि वे पिछले पांच सालों से करते आए हैं।
ओवैसी ने आगे कहा कि अगर पीएम मोदी मानते हैं कि अल्पसंख्यक डर के साये में जी रहे हैं, तो उन्हें यह भी जानना चाहिए कि चुनावी जनसभा में सामने की बेंच पर बैठे अखलाक की हत्या किसने की। उन्होंने कहा कि अगर पीएम मोदी मानते हैं कि अल्पसंख्यक डरे हुए हैं तो क्या वह गाय के नाम पर मुस्लिमों को पीटने, उनकी हत्या करने वाले गैंग पर लगाम लगाएंगे? क्या वह ऐसे गिरोहों को रोकेंगे जो मुस्लिमों की वीडियो ले रहे, उन्हें नीचा दिखा रहे हैं?