उन्होंने केंद्र में भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गयी योजनाओं का माखौल उड़ाते हुए कहा, ‘‘मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया, सिट डाउन इंडिया, पकौड़ा...। शुरू में उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ की बात की फिर ‘स्टार्ट अप इंडिया’ की बात की, इसके बाद ‘स्टैंड अप इंडिया’ की बात की और आखिर में वह ‘पकौड़ा’ पर जाकर रुके।’’ बता दें कि पिछले साल एक साक्षात्कार में प्रधानमंत्री ने उदाहरण दिया था कि पकौड़ा बेचना भी एक तरह का रोजगार है।
राहुल ने कहा, ‘‘वह जहां भी जाते हैं, वहां नफरत होती है। हरियाणा में एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ लड़ाया जा रहा है। जब वह तमिलनाडु जाते हैं तो वह किसी और की आलोचना करते हैं। महाराष्ट्र में वह उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के खिलाफ बोलते हैं। एक धर्म के लोगों को दूसरे धर्म के लोगों के साथ लड़ाया जा रहा है।’’
राहुल ने कहा, ‘‘मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि पिछले पांच साल में आपने क्या क्या किया। आपने देश को क्या दिया है?’’ उन्होंने दावा किया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आयी तो उसने आय समर्थन योजना ‘न्याय’ का जो वादा किया है, उससे अर्थव्यवस्था में सुधार होगा जिसे नोटबंदी की वजह से झटका पहुंचा है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको गारंटी देता हूं कि मध्यम वर्ग या किसी अन्य तबके से एक पैसा भी नहीं लिया जायेगा और ‘न्याय’ योजना के लिये उनसे कोई कर नहीं लिया जायेगा।’’ योजना के लिये धन उन धनी उद्योगपतियों की जेब से आयेगा जिन्हें मोदी के शासन में अनुचित लाभ दिया गया है। भाजपा ने इस योजना की आलोचना की है और जानना चाहा है कि इसके लिये धन कहां से जुटाया जायेगा।
राहुल गांधी हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर के समर्थन में यहां एक रैली को संबोधित कर रहे थे। तंवर सिरसा से चुनाव लड़ रहे हैं। तंवर इंडियन नेशनल लोक दल के मौजूदा सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी और भारतीय जनता पार्टी की सुनीता दुग्गल के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।
कांग्रेस के हरियाणा के प्रभारी महासचिव गुलाम नबी आजाद ने भी जनसभा को संबोधित किया। हरियाणा में 10 लोकसभा सीटों के लिये छठे चरण में 12 मई को मतदान होगा।