जिन वीवीआईपी को एसपीजी सुरक्षा मिली होती है, वे अपनी गाड़ियों में बहुत कम चलते हैं। एक अधिकारी के मुताबिक, संबंधित सुरक्षा एजेंसी उन्हें इसकी इजाजत भी नहीं देती। ऐसी सभी गाड़ियों को एसपीजी अपने हिसाब से तैयार कराती है। जैसे पीएम या पूर्व पीएम को बीएमडब्ल्यू 760Li (F03) हाई सुरक्षा से लैस गाड़ी मुहैया कराई जाती है। यह बख्तरबंद गाड़ी बेलेस्टिक रोधी होती है। लैंडमाइन ब्लास्ट या मशीन गन से फायर का इस पर कोई असर नहीं होता। इन गाड़ियों का फ्यूल टैंक केवलर सील्ड होता है, जो किसी भी स्थिति में आग नहीं पकड़ता। केमिकल और बायोलॉजिकल अटैक से भी ये गाड़ी पूर्णतया सुरक्षित रहती है।
बीएमडब्ल्यू के बाद रेंज रोवर (L405) का नंबर आता है। यह भी बख्तरबंद गाड़ी होती है। पीएम या पूर्व पीएम के परिजनों को ज्यादातर यही गाड़ी प्रदान की जाती है। इसमें भी बीएमडब्ल्यू वाले सभी सुरक्षा उपकरण लगे होते हैं। लैंड क्रूजर, टोयोटा फॉरच्यूनर और टाटा सफारी जैसी एसयूवी एसपीजी कर्मियों के लिए होती हैं। इन गाड़ियों में कई तरह का सुरक्षा सिस्टम होता है, जो किसी भी खतरे का अलर्ट देता है। जैमर, रडार, रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड और एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल आदि की सूचना समय रहते मिल जाती है।