प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के हिंडौन में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित कराने को लेकर उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि मैडम जी! नामदार से पूछ कर संयुक्त राष्ट्र को फैसला करना था क्या? पहले संयुक्त राष्ट्र को कांग्रेस से पूछना चाहिए था कि मैडम जी, नामदार जी, आप लोग जिन्हें 'जी' या 'साहब' कह कर बुलाते हैं, उन्हें हम अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित कर दें क्या? आपको कोई दिक्कत तो नहीं होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान गोली चलाएगा, तो मोदी गोला बरसाएगा।
मोदी ने कहा, "कांग्रेस को परेशानी है कि चुनाव चल रहे हैं और अबू धाबी, यूएई मोदी को अवार्ड देता है। कांग्रेस को परेशानी है कि चुनाव चल रहे हैं और रूस मोदी को अवार्ड दे रहा है।"
"फैनी चक्रवात को लेकर केंद्र सरकार मुस्तैद"
उन्होंने कहा कि आज जब हम सब यहां एकत्रित हुए हैं, उस समय देश के पूर्वी और दक्षिणी तट पर रहने वाले लाखों परिवार भीषण चक्रवात का सामना कर रहे हैं। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी की सरकारों के साथ केंद्र सरकार लगातार संपर्क में है।
पीएम ने कहा कि कल ही हम इस चक्रवात से जूझ रहे राज्यों के लिए 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जारी कर चुके हैं। एनडीआरएफ, कोस्टगार्ड, भारतीय नौसेना और थल सेना पूरी मुस्तैदी के साथ प्रशासन के साथ जुटी हुई हैं।
वहीं सीकर रैली में भी पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोला। सर्जिकल स्ट्राइक के कांग्रेस के दावे पर उन्होंने कहा: अब कांग्रेस कह रही है कि उसने अपनी सरकार में छह सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है। ये कैसा स्ट्राइक था जिसके बारे में आतंकियों को पता ही नहीं चला, पाकिस्तान को पता नहीं चला, भारतीयों को भी पता नहीं चला। पहले उन्होंने मजाक उड़ाया, फिर विरोध किया और अब कह रहे हैं..मैं भी, मैं भी।