बिहार के बक्सर में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर हमला बोला। पीएम ने कहा कि महामिलावटी जीत तो सकते नहीं इसलिए गाली देकर ही अपने मन की भड़ास निकाल रहे हैं। ये केंद्र में कमजोर और मजबूर खिचड़ी बनाने के चक्कर में थे। सोच रहे थे कि मजबूर सरकार आई तो इन्हें सरकार को ब्लैकमेल करके जनता के पैसे लूटने का मौका मिल जाएगा।
राष्ट्रवाद के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग भारत के टुकड़े-टुकड़े करने की इच्छा रखने वालों को, पत्थरबाजों को और उनके समर्थकों को खुला लाइसेंस देना चाहते हैं। ये महामिलावटी देश की अखंडता और सुरक्षा दांव पर लगाने निकले हैं। इन्हें रोकना हम सभी का कर्तव्य है।
पीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आपका ये सेवक गुजरात में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहा, पांच साल से देश का प्रधानमंत्री है, लेकिन एक पल के लिए भी न मैं अपने लिए जिया हूं और न ही अपने रिश्तेदारों के लिए। मेरे लिए तो आप ही मेरा परिवार हैं। 130 करोड़ देशवासी, मेरा परिवार है।
मालूम हो कि बिहार की बक्सर लोकसभा सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे को एक बार फिर से उतारा है, जबकि राजद की ओर जगदानंद सिंह मैदान में हैं। इस सीट पर 19 मई को मतदान होगा।
सासाराम में बोले पीएम मोदी, महामिलावट के सपने को देश के लोगों ने चूर-चूर कर दिया
बिहार के सासाराम में एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब हमारे सपूत सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं, एयर स्ट्राइक करते हैं, तो ये आतंकियों की लाशें मांगते हैं। इसलिए गुस्से से भरा हुआ देश कह रहा है- अब बहुत हुआ। ये देश तोड़ने की बात करने वालों के साथ खड़े रहते हैं। इसलिए देश कह रहा है- अब बहुत हुआ।
पीएम ने कहा " महामिलावट के दम पर ये लोग जो मजबूर सरकार बनाने के सपने देख रहे थे उस सपने को देश के लोगों ने चूर-चूर कर दिया है। देश इन महामिलावट वालों से इतना गुस्सा क्यों है, इसका जवाब है वंशवादियों और भ्रष्टाचारियों का अहंकार।
उन्होंने कहा कि ये महामिलावटी लोग सिर्फ और सिर्फ समाज के विभाजन के बल पर वोट बटोरने की राजनीति करते हैं। यही कारण है कि आजादी के बाद इतने दशकों तक बिहार सहित इस समूचे पूर्वी भारत को विकास की रोशनी से दूर रखा गया। महामिलावट की और एनडीए की राजनीति का अंतर स्पष्ट है। हम बिहार को लालटेन के युग से निकालकर एलईडी की दूधिया रोशनी तक लाए हैं। ये बिहार को लालटेन के युग में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।
सासाराम लोकसभा सीट से कांग्रेस ने पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार को उतारा है। जबकि भाजपा की ओर से छेदी पासवान चुनावी ताल ठोक रहे हैं। सासाराम लोकसभा सीट पर लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 19 मई को मतदान होगा।