पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में नरेंद्र मोदी ने ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला है। मोदी ने कहा, "दीदी ने बोला वो मुझे थप्पड़ मारना चाहती हैं। आपका थप्पड़ भी खा लूंगा। आपका थप्पड़ मेरे लिए आशीर्वाद होगा। 23 मई के बाद दीदी का पतन शुरू होगा। देश भर में मोदी को गाली देने का अभियान चल रहा है। ममता ने वोट बटोर लिया लेकिन बंगाल बदहाल है। गणतंत्र को गुंडातंत्र में बदलने वालों के दिन गिनती के बचे।"
इससे पहले बंगाल के बांकुरा से मोदी ने ममता पर फिर वार किया। उन्होंने कहा,
ममता मुझे थप्पड़ मारने की बात करती हैं। दीदी के अत्याचार ही उनकी सत्ता को उखाड़ फेंकने का संकल्प मजबूत कर रहे हैं। दीदी ने पश्चिम बंगाल को तबाह कर दिया। दीदी, देश के प्रधानमंत्री को प्रधानमंत्री मानने को तैयार नहीं हैं। अहंकार दीदी को ले डूबेगा। मोदी ने नारा दिया- चुपचाप, कमलछाप। उसके बाद नारा दिया- बूथ-बूथ से टीएमसी साफ। जब हम अत्याचार की बात करते हैं तो दीदी को गुस्सा आता है। दीदी उनकी चिंता करें जिनको चिटफंड में ठगा गया। दीदी जितना भी गुस्सा करें, भाजपा उनकी दादागीरी के आगे नहीं झुकेगी।
नरेंद्र मोदी ने हाल में 'जय श्री राम' नारे को लेकर मचे बवाल की याद एक बार फिर दिलाते हुए कहा कि दीदी को काली भक्तों, राम भक्तों के गुस्से की चिंता करनी चाहिए। दीदी पर्दे के पीछे से रहकर गुंडों की सरकार चला रही हैं। ममता इस माटी का रंग बदलना चाहती हैं। मुझे दीदी के गुस्से की चिंता नहीं है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा था कि नरेंद्र मोदी को लोकतंत्र का एक जोरदार तमाचा लगना चाहिए। ममता बनर्जी ने पुरुलिया रैली में नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हए कहा कि जब उन्होंने बंगाल में आकर मेरी पार्टी पर टोलाबाज होने का आरोप लगाया था, तो मैं उन्हें लोकतंत्र का एक करारा तमाचा मार देना चाहती थी। साथ ही कहा कि मेरे लिए पैसा कोई मायने नहीं रखता है।
ममता ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा,
वो पहले हाफ पैंट पहनकर घूमते थे, अब लाखों-करोड़ों रुपये हैं। एक हाथ में गदा, एक में तलवार। गदा से लोगों का सिर फोड़ेंगे और तलवार से गला काटेंगे। मेरे पास पैसा नहीं है, मुझे फर्क नहीं पड़ता। जब मोदी बंगाल आते हैं तो मुझे टोलाबाज कहते हैं। मन करता है कि उन्हें लोकतंत्र का जोरदार थप्पड़ मारूं।
जौनपुर में बोले पीएम मोदी, " पांच साल पहले इसी जौनपुर में बहन जी ने कहा था कि बाप से अधिक जहर बेटे में है।"
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे पीएम ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल पहले इसी जौनपुर में बहन जी ने कहा था कि बाप से अधिक जहर बेटे में है।
बहन जी को यूपी से बाहर करने का जो खेल खेला गया और बहन जी को आज नहीं 23 मई के बाद समझ आएगा। इन समाजवादी खेल के बीच जिन लोगों ने बाबा साहब आंबेडकर को भूमाफिया बताया, कदम-कदम पर अपमानित किया उन्हीं के लिए अब बहन जी वोट मांग रही है।
उन्होंने कांग्रेस को आंतकवाद के मुद्दे पर घेरते हुए कहा " 2014 से पहले आए दिन, पाकिस्तान से ट्रेनिंग लेकर आए आतंकी, देश को डराते रहते थे। लेकिन बीते 5 वर्ष में, देश को दहलाने वाले ये लोग, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और जम्मू कश्मीर के छोटे से हिस्से तक सिमट गए ।
पीएम ने कहा "ये लोग देश की सुरक्षा और आतंकवाद पर भी बात करने के खिलाफ है। जब देश असुरक्षित रहेगा, आतंकियों के निशाने पर रहेगा तो विकास कैसे होगा? जौनपुर उस दिन को भूल सकता है, जब श्रमजीवी एक्सप्रेस में धमाका हुआ था।"
साथ ही कहा पीएम ने कहा कि 5 चरण के मतदान के बाद कांग्रेस पार्टी तो मैच खेले बगैर ही मैदान से बाहर हो चुकी है, वो मैदान छोड़ के भाग चुके हैं । सपा और बसपा इसलिए परेशान हो रहे हैं क्योंकि वोट ट्रांसफर के जिस फॉर्मूले पर इन्होने गठबंधन किया था, उस फॉर्मूले को ही जनता ने नकार दिया है।"
जौनपुर लोकसभा सीट पर 12 मई को लोकसभा चुनाव के छठे चरण में मतदान होगा।