ओडिशा के केंद्रपाड़ा में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने बीजू जनता दल पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ओडिशा से बीजू जनता दल का जाना तय है। बीजद बुरी तहर से बौखलाई हुई है। इसी वजह से उसके कार्यकर्ता भाजपा के कार्यकर्ताओं पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोधियों को हमारी सरकार के कामों पर सवाल उठाने की ताकत नहीं है, इसलिए वो बौखलाहट में मुझे गाली दे रहे हैं। लेकिन देश की जनता मन बना चुकी है। दिल्ली में फिर एक बार मोदी सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने नवीन पटनायक की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों के लिए ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि नाम की एक बहुत बड़ी योजना भी हमने बनाई है। जिसके तहत ओडिशा के लाखों किसानों को हर वर्ष सीधे बैंक खाते में पैसा दिया जाना तय हुआ है। लेकिन यहां की सरकार ऐसी विकास विरोधी और किसान विरोधी है कि वो किसानों की सही सूची देने से भी बच रही है। मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आपने भी कई सरकारें केंद्र और राज्य में पहले कई देखीं हैं। लेकिन ये वो सरकार है जिस पर पांच साल में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। जो झूठे आरोप लगाने की कोशिश कर रहे हैं वो आज खुद कटघरे में खड़े हैं।
प्रधानमंत्री ने रैली में मतदाताओं को वोट करने की अपील करते हुए कहा कि मैं आज सुबह गुजरात के अहमदाबाद में वोट डालने गया था। अभी आपके पास वोट डालकर ही पहुंचा हूं। कितना भी काम हो, कितनी भी जिम्मेदारी हो, कैसी भी परिस्थिति हो, लेकिन वोट डालना हमारा कर्तव्य भी है और सौभाग्य भी है। ओडिशा में लोकसभा की 21 सीटें हैं। जिनमें से आज 6 सीटों पर मतदान हो रहा है।
बंगाल में दीदी पर बरसे मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल में चुनावी रैली में कहा कि पश्चिम बंगाल के विकास में दीदी स्पीड ब्रेकर बनी हुईं हैं। ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि स्पीड ब्रेकर दीदी का मॉडल तृणमूल टोलाबाजी टैक्स पर आधारित है। उनका मॉडल आधारित है कोल माफिया, बालू माफिया, आयरन माफिया और जमीन माफिया पर। उनका मॉडल है, पहले घुसपैठियों को आने का रास्ता दो और फिर पश्चिम बंगाल के संसाधनों में उन्हें लूट का हिस्सा दो।
प्रधानमंत्री ने ममता बनर्जी पर तीखी बयानबाजी करते हुए कहा, "स्पीड ब्रेकर दीदी का चुनाव आयोग पर बौखलाहट, भड़कना और मोदी को गाली देना आप सब देख रहे हैं। दीदी की ये बौखलाहट तब और बढ़ जाती है जब मैं कहता हूं कि जो भ्रष्ट है उसी को मोदी से कष्ट है। आज तृणमूल कांग्रेस की सरकार घोटालों के विषय में कांग्रेस को पूरी टक्कर दे रही है। करप्शन हो या क्राइम ये दो ही ऐसी चीज हैं जो टीएमसी के राज में नॉन स्टॉप है, बाकी हर चीज के लिए स्पीड ब्रेकर दीदी तो हैं ही।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि "नारदा, सारदा, रोजवैली सिर्फ घोटाले नहीं बल्कि गरीबों के जीवन के साथ किया गया बहुत बड़ा अपराध है। इसके तार कहां तक पहुंच रहे हैं, ये भी आप जानते हैं। एक मुख्यमंत्री जब सरेआम गरीबों को लूटने वालों के पक्ष में खड़ा हो जाए, तो स्थिति आप समझ ही सकते हैं।"
ममता बनर्जी पर आसनसोल की जनसभा से नरेंद्र मोदी ने लगातार हमले किए उन्होंने कहा कि आपका ये चौकीदार दो टूक कहना चाहता है कि घुसपैठियों के दम पर पश्चिम बंगाल की राजनीति अब नहीं चलेगी। दीदी ने भाड़े के गुंडों के दम पर शासन की जो परंपरा चलाई है, वो अब बंद होगी। अब पश्चिम बंगाल का भाग्य और देश की दिशा भारत माता की जय कहने वाले ही तय करेंगे।
पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से बाबुल सुप्रियो चुनावी मैदान में हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में वो यहां जीतकर ससंद पहुंचे थे। पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं। आज पांच सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। बंगाल में सातों चरणों में मतदान चल रहा है।