पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रधानमंत्री मोदी पर लगातार हमला बोल रही हैं। बांकुरा रैली में पीएम मोदी ने ममता पर कोयला माफिया को खड़ा करने का आरोप लगाया था जिसपर आज ममता ने उन्हें निशाने पर लिया। उन्होंने एक रैली में कहा, "मैं आपको (पीएम मोदी) चुनौती देती हूं। अगर आप हममें से किसी के कोयला माफिया का हिस्सा बनने की बात साबित कर देते हैं तो मैं अपने सभी 42 उम्मीदवारों के नाम वापस ले लूंगी। अगर आप झूठ बोल रहे हैं, तो कान पकड़कर जनता के सामने सौ उठक-बैठक करनी पड़ेगी।"
बांकुरा में मोदी ने क्या कहा था?
पीएम मोदी ने बांकुरा रैली में कहा था- पुरुलिया में संपदा की कमी नहीं है। आप काले सोने पर बैठे हुए हैं। लेकिन अब तक जो भी सरकारें रही हैं, उन्होंने यहां पर कोयला माफिया को खड़ा कर दिया है। तृणमूल वालों ने तो माफिया को ही सरकार का हिस्सा बना लिया है। हम इसे खत्म करना चाहते हैं और इसके लिए हमें एक बार मौका दीजिए।
उन्होंने कहा था- ममता मुझे थप्पड़ मारने की बात करती हैं। दीदी के अत्याचार ही उनकी सत्ता को उखाड़ फेंकने का संकल्प मजबूत कर रहे हैं। दीदी ने पश्चिम बंगाल को तबाह कर दिया। दीदी, देश के प्रधानमंत्री को प्रधानमंत्री मानने को तैयार नहीं हैं। यह अहंकार दीदी को ले डूबेगा। मोदी ने नारा दिया- चुपचाप, कमलछाप। उसके बाद नारा दिया- बूथ-बूथ से टीएमसी साफ। जब हम अत्याचार की बात करते हैं तो दीदी को गुस्सा आता है। दीदी उनकी चिंता करें जिनको चिटफंड में ठगा गया। दीदी जितना भी गुस्सा करें, भाजपा उनकी दादागीरी के आगे नहीं झुकेगी।