फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिन्ना को देश का प्रधानमंत्री बनने देते नेहरू तो देश का विभाजन नहीं होता: भाजपा उम्मीदवार

Sun, 12 May 2019 08:47 PM IST
Trainee Trainee चुनाव डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
गुमान सिंह डामोर - फोटो : Social media
विज्ञापन

मध्यप्रदेश में भाजपा के विधायक और झाबुआ-रतलाम संसदीय क्षेत्र के पार्टी उम्मीदवार गुमानसिंह डामोर ने ऐसा बयान दिया है जो उन्हें और भाजपा को मुश्किल में डाल सकता है। उनका ये बयान जवाहरलाल नेहरू और मो. जिन्ना को लेकर है। डामोर ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बनने की जिद नहीं करते और जिन्ना को देश का प्रधानमंत्री बनने देते तो देश का विभाजन नहीं होता।

विज्ञापन


डामोर ने शनिवार को जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर राणापुर कस्बे में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के समय अगर जवाहरलाल नेहरू जिद नहीं करते तो इस देश के दो टुकड़े नहीं होते। मोहम्मद जिन्ना एक एडवोकेट और विद्वान व्यक्ति थे। अगर उस समय निर्णय लिया होता तो हमारे देश के प्रधानमंत्री जिन्ना होते और इस देश के टुकड़े नहीं हुए होते।

उन्होंने कहा कि देश के टुकडे़ करने के लिए अगर कोई जिम्मेदार है तो वह कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है। नेहरू जी की जिद ने इस देश के टुकडे़ करवाए और ये विभाजन की कार्य नीति बंद नही हुई है। आज भी कांग्रेस की वही नीति है। हमारे देश के विभाजन के लिए अगर कोई जिम्मेदार है तो वो कांग्रेस पार्टी है। 1942 में भारत छोडो आंदोलन हुआ था। उसके बाद हमारे देश में प्रधानमंत्री बनने की होड़ मच गई। कांग्रेस के कुछ लोग चाहते थे कि हम प्रधानमंत्री बनें।
विज्ञापन


डामोर ने कहा कि एक समूह ऐसा है जो कहता है कि भारत तेरे टुकड़े होंगे।  उस नारे को लगाने वाले की पीठ पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी हाथ है। राहुल गांधी इस देश में ऐसे लोगों को समर्थन करते हैं।

डामोर ने कश्मीर की समस्या को भी कांग्रेस की देन बताते हुए कहा कि देश में अमन चैन लुटा है, वो कांग्रेस ने लूटा है। आज हम देश में हिन्दू और मुस्लिम भाई साथ-साथ रह रहे हैं। हमें कोई परेशानी नहीं है। अगर इस देश में विभाजन नहीं होता तो हम और भी अमन चैन से रहते, न ही कश्मीर समस्या होती न ही साम्प्रदायिक दंगे होते। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब कुछ कांग्रेस की सोची समझी रणनीति के तहत हुआ है।

कांग्रेस का पलटवार

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष निर्मल मेहता ने उनके बयान पर कहा है कि डामोर सरकारी नौकरी से रिटायर होने के बाद अब भाजपा से लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। शायद इन्हें भारत के इतिहास का भी पता नहीं है। भारत और पाकिस्तान अलग हुए, जिन्ना की जिद से पाकिस्तान बना और देश के टुकडे जिन्ना की जिद से ही हुए हैं। उन्होंने कहा कि गुमानसिंह जी को इतिहास नहीं पता, इसलिए वह जिन्ना की बात कर रहे है। अगर उन्हें जिन्ना से इतना ज्यादा प्रेम है तो वह पाकिस्तान में जाकर चुनाव क्यों नहीं लड़ते।

झाबुआ लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया हैं। यहां 19 मई को चुनाव है। 

बता दें कि हाल ही में चुनाव प्रचार के दौरान शत्रुघ्न सिन्हा के जिन्ना पर दिए बयान से खूब सियासी हंगामा मचा था और भाजपा ने सिन्हा और कांग्रेस पर सवाल दागे थे। सिन्हा के बयान ने कांग्रेस को ही मुश्किल में डाल दिया था। 
विज्ञापन


(भाषा इनपुट) 
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें