चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को आचार संहिता उल्लंघन का नोटिस जारी किया है। आयोग ने उनसे अमेठी में एक मकान की दीवार पर 'न्याय' योजना के दावे के प्रचार संबंधी बैनर लगाने को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आयोग का कहना है कि यह बैनर मकान मालिक के आदेश के बिना लगाया गया था। आयोग ने 24 घंटे के अंदर उनसे जवाब मांगा है।
चुनाव आयोग के नियम के मुताबिक कोई भी राजनीतिक पार्टी मकान मालिक के अनुमति के बिना अपने प्रचार के लिए किसी भी निजी मकान की दीवार पर अपनी पार्टी का पोस्टर या बैनर नहीं लगा सकती है। कांग्रेस पार्टी ने मकान मालिक के अनुमति के बिना ही न्याय योजना का बैनर अमेठी के एक निजी मकान की दीवार पर लगाया था।जिसके लिए चुनाव आयोग ने उन्हें नोटिस जारी किया है।
अमेठी उत्तर प्रदेश की वीआईपी लोकसभा सीट है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी से चौथी बार चुनावी मैदान में हैं। वो पहली बार यहां से 2004 में चुनाव लड़कर संसद पहुंचे थे।अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता स्मृति ईरानी चुनाव लड़ रही हैं। अमेठी लोकसभा सीट पर करीब तीन लाख मुस्लिम मतदाता हैं, जो चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।