मथुरा के जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्रा ने गुरुवार को जोर देकर कहा कि मंडी समिति इलाके के स्ट्रांगरूम में रखी गईं इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार का खतरा नहीं है। एक उम्मीदवार ने ईवीएम को चूहों से खतरे को लेकर सवाल खड़े किए थे।
मथुरा संसदीय सीट से राष्ट्रीय लोकदल के उम्मीदवार नरेंद्र सिंह ने एक सप्ताह पहले ईवीएम मशीनों के चूहों के नुकसान पहुंचाने की आशंका जताते हुए मांग की थी, जहां ईवीएम रखी हैं वहां पर जाली वाले तारों से बाड़ाबंदी की जाए।
जिलाधिकारी मिश्रा ने कहा, ईवीएम मंडी समिति के स्ट्रांगरूम में पूर्ण सुरक्षा से रखी गई हैं और उन्हें चूहों से कोई खतरा नहीं है।" उन्होंने यह बात तीन दिन लगातार स्ट्रांगरूम का निरीक्षण करने के बाद कही।
उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में है और यहां किसी व्यक्ति की पहुंच नहीं है। सुरक्षा बलों को पहले से ही आदेश दे दिए गए हैं।
रालोद-बसपा-सपा गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार की मांग पर जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग से इस बारे में निर्देश मांगे गए हैं और प्रतीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले किसी व्यक्ति को गणना करने वाले एजेंट (काउंटिंग एजेंट) के रूप में अनुमति नहीं दी जाएगी।
मथुरा संसदीय सीट के लिए 18 अप्रैल को वोट डाले गए थे और लोकसभा चुनावों के परिणामों की घोषणा 23 मई को होगी। यहां से मौजूदा सांसद अभिनेत्री से नेता बनीं हेमा मालिनी हैं।