दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने बताया कि राजधानी की सभी सात सीटों पर मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करते हुए मतदान केन्द्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर इन पर केन्द्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं, खासकर दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिये विशेष इंतजाम किये गए हैं। दिल्ली में 523 संवेदनशील मतदान स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा एवं निगरानी इंतजाम किये गए हैं। छठे चरण के लिए आयोग द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार इस चरण के चुनाव मैदान में कुल 979 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें दिल्ली की सात सीटों के लिए कांग्रेस, भाजपा और आप सहित विभिन्न दलों के 164 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
ये दिग्गज हैं मैदान में
इस चरण के चुनाव में किस्मत आजमा रहे उम्मीदवारों में उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी सुल्तानपुर से भाजपा के टिकट पर, मध्य प्रदेश में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भाजपा उम्मीदवार के रूप में मुरैना सीट से, भोपाल से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कांग्रेस से एवं साध्वी प्रज्ञा सिंह भाजपा उम्मीदवार के रूप में तथा गुना से कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हैं।
इसके अलावा हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में और राव इंद्रजीत सिंह गुड़गांव से बतौर भाजपा उम्मीदवार और जजपा अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला हिसार से चुनाव मैदान में हैं। दिल्ली की सात सीटों पर भी मुकाबला दिलचस्प है। पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित बतौर कांग्रेस उम्मीदवार उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से और केन्द्रीय मंत्री हर्षवर्धन भाजपा के टिकट पर चांदनी चौक सीट पर किस्मत आजमा रहे हैं।
बिहार में केन्द्रीय मंत्री राधामोहन सिंह पूर्वी चंपारण सीट से भाजपा के टिकट पर और वैशाली से रघुवंश प्रसाद सिंह बतौर राजद उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इच चरण में राज्य की पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और वैशाली के अलावा शिवहर, महराजगंज, बाल्मीकि नगर, गोपालगंज और सिवान सीट पर चुनाव हो रहा है।