बेतिया पहुंचे शाह ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। शाह ने कहा कि बालाकोट में एयर स्ट्राइक के बाद राहुल बाबा एंड कंपनी सबूत मांगने लगी। इनमें अगर थोड़ी भी अक्ल होती तो पाकिस्तान का टीवी चैनल खोलकर देख लेते, वहां के लोगों का रोना सुनकर इन्हें सबूत खुद मिल जाएगा। राजद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, " 55 साल तक देश में राहुल बाबा के परिवार ने शासन किया। 15 साल तक लालू-राबड़ी ने बिहार में शासन किया, लेकिन बिहार के विकास के लिए इन लोगों ने कुछ नहीं किया।"
उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि कश्मीर से धारा 370 हटाओ और राहुल बाबा कहते हैं कि देशद्रोह की धारा हटाओ। राहुल बाबा, लालू-राबड़ी को जो कहना हो कहें, नरेन्द्र मोदी जी के शासन में जो भारत माता के टुकड़े करने की बात करेगा, उसकी जगह जेल की सलाखों के पीछे होगी।
उन्होंने कहा कि देश में जो मोदी- मोदी का नारा लग रहा है वो देश की जनता का अंतः मन से मोदी जी को आशीर्वाद है। इस नारे का कारण है कि 70 साल से जनता ऐसे नेता की राह देख रही थी, जो अपने और अपने परिवार के नहीं, देश के लिए अपना जीवन लगा दे। जनता को मोदी जी के रूप में वो नेता मिला है।
सीवान में बोले शाह, लालू-राबड़ी ने 15 साल तक सीवान को जंगलराज की लैबोरेटरी बनाया
सीवान की जनसभा में भाजपा अध्यक्ष शाह ने लालू-राबड़ी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि लालू-राबड़ी ने 15 साल तक सीवान को जंगलराज की लैबोरेटरी बनाने का काम किया था। एनडीए की सरकार ने सीवान को विकास की लैबोरेटरी बनाने का काम किया है।
उन्होंने कहा "मैं सीवान के लोगों को पूछना चाहता हूं कि आपको विकास का राज चाहिए या जंगलराज? शहाबुद्दीन का आतंक चाहिए या नरेंद्र मोदी जी और नीतीश कुमार का सुशासन चाहिए? गठबंधन वालों ने भय का माहौल बनाकर यहां के विकास को रोकने का काम किया है।" शाह ने कहा कि मोदी जी की सरकार ने पिछले पांच साल में देश के गरीबों, किसानों, पिछड़ों, दलितों, महिलाओं, युवाएं के कल्याण के लिए 133 योजनाएं बनाईं।