लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर बुजुर्गों में भी खूब उत्साह नजर आ रहा है और मतदान को लेकर मिसालें देखने को मिल रही हैं। छठे चरण के मतदान में गुड़गांव की रहने वाली प्रेमवती गौतम ने मतदाताओं के लिए एक ऐसी ही मिसाल पेश की है। मूलतः कानपुर की रहने वाली प्रेमवती गौतम गुड़गांव की मतदाता हैं। उनकी उम्र 89 साल है, और आज यानी 12 मई के दिन ही उनका जन्मदिन है। आज उन्होंने अपने पूरे परिवार के साथ मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अमर उजाला से बातचीत में प्रेमवती गौतम के परिजनों ने बताया कि आज उनका जन्मदिन है, इसके बावजूद वो जन्मदिन से ज्यादा अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए उत्साहित थीं। बातचीत के दौरान पता चला कि प्रेमवती गौतम उम्र के कारण तमाम स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से घिरी रहती हैं। उन्हें चलने फिरने में भी दिक्कत होती है, मगर मतदान को लेकर वो बेहद गंभीर थीं। इसलिए उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को प्राथमिकता देते हुए मतदान किया। वो व्हील चेयर पर बैठकर वोट देने के लिए पोलिंग बूथ पहुंची थीं।
अमर उजाला ऐसे जागरुक और अनुशासित मतदाताओं को सलाम करता है। मालूम हो कि अमर उजाला शुरू से ही अपने पाठकों से मतदान करने की अपील करता रहा है। हमारे #VoteKaro अभियान से देशभर के कई मतदाता जुड़े और वोट देने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें भी शेयर कीं।
अमर उजाला प्रेमवती गौतम जैसे नागरिकों पर गर्व महसूस करता है जो सबसे बड़े लोकतांत्रिक कर्तव्य का पालन करने में आगे रहते हैं। हम अपने पाठकों से अपील करते हैं वे सातवें और आखिरी चरण में भी बढ़-चढ़ कर मतदान करें।