कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए तमिलनाडु में लागू लॉकडाउन को बिना किसी ढील के 24 मई से एक सप्ताह की अवधि के लिए और बढ़ा दिया गया है। इस दौरान फार्मेसी, पशु चिकित्सा फार्मेसी, दूध की आपूर्ति, पेयजल और दैनिक समाचार पत्र वितरण जैसी गतिविधियों की अनुमति रहेगी। आम जनता के लिए आवश्यक सब्जियां चेन्नई शहर और सभी जिलों में संबंधित स्थानीय निकायों और निगम के सहयोग से वाहनों में उपलब्ध कराया जाएगा। समाचार और मीडिया कंपनियां पहले की तरह काम करेंगी।
वहीं दुकानें 22 और 23 मई को रात के 9 बजे तक खुली रहेंगी जबकि निजी और सरकारी बसों को भी 22 और 23 मई तक ही चलाने की अनुमति होगी। बता दें कि तमिलनाडु में शुक्रवार को 36,184 मामले सामने आए थे और 467 लोगों की मौत हो गई थी।
24 मई को समाप्त हो रहा था लॉकडाउन
तमिलनाडु की सरकार ने शनिवार को कोविड-19 की वजह से राज्य में लागू लॉकडाउन की मियाद एक सप्ताह और बढ़ाने की घोषणा की। राज्य में पूर्व में घोषित लॉकडाउन 24 मई को समाप्त हो रहा था। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सरकार के इस फैसले की घोषणा अधिकारियों के साथ-साथ चिकित्सा विशेषज्ञों और सभी पार्टियों के प्रतिनिधियों वाली विधायिका समिति की बैठक के बाद की।
स्टालिन ने बयान में कहा कि कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने के लिए लागू लॉकडाउन को 24 मई से अगले एक सप्ताह के लिए बिना किसी ढील के बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पाबंदियां सोमवार से प्रभावी होंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि लोगों के हित के लिए दुकानें शनिवार को रात नौ बजे तक और रविवार को सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक खुली रहेंगी जबकि बाकी दिन पूर्ण लॉकडाउन रहेगा।
बयान के मुताबिक अंतर जिला बस सेवा शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेंगी। सरकार के मुताबिक दवा की दुकाने विस्तारित लॉकडाउन में खुली रहेंगी और दूध, पानी और अखबारों का वितरण जारी रहेगा। स्टालिन ने कहा कि राज्य का बागवानी विभाग सुनिश्चित करेगा कि फल और सब्जियों की आपूर्ति सचल बिक्री केंद्रों के माध्यम से लोगों तक हो।