गोवा के कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडांकर ने मुख्यमंत्री मनोहर परिकर के हाउज द जोश वाले बयान पर पलटवार किया है। गिरीश ने कहा कि भाजपा और मनोहर परिकर को पहले होश में आने दो, बाद में उन्हें पता चलेगा कि जोश कहां है। गिरीश ने आगे कहा, उनको मालूम नहीं कि गोवा में क्या हो रहा है। उनके चुनाव क्षेत्र में पीने के लिए पानी नहीं है, नौकरियां नहीं हैं, विधानसभा नहीं चल रही है।
बता दें कि रविवार 27 जनवरी को मनोहर परिकर एक सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से उन्होंने पूछा 'हाउ इज द जोश।' यह सुनते ही वहां उपस्थित लोगों ने भी पूरे उत्साह से 'हाई' कहा। परिकर दरअसल, मांडवी नदी पर केबल पुल के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा, 'मैं अपना जोश आप लोगों में भरता हूं। यहां बैठकर कुछ बोलना चाहता हूं।'
इतना ही नहीं, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें वह लोगों से 'हाउ इज द जोश' पूछ रही हैं। उन्हें भी बदले में 'हाई' का जवाब ही मिल रहा है। सीतारमण बंगलूरू में पूर्व सैनिकों के साथ उरी फिल्म देखने पहुंची थीं।