कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सीएम बसवराज बोम्मई को चुनौती दी है कि वे सत्ता छोड़ दें और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दें, हम समस्या हल कर देंगे। राज्य के आईटी मंत्री ने आज आई कंपनियों की बैठक बुलाई है। बाढ़ के कारण कर्मचारियों को ट्रैक्टरों से दफ्तर पहुंचना पड़ रहा है।
बेंगलुरु में भारी वर्षा के बाद आई बाढ़ को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा व कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। सीएम बोम्मई ने सिलीकॉन सिटी में आई बाढ़ के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया था।इसके बाद कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सीएम बसवराज बोम्मई को चुनौती दी है कि वे सत्ता छोड़ दें और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दें, हम समस्या हल कर देंगे। उधर, सीएम बोम्मई ने आज बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का जायजा लिया। राज्य के आईटी मंत्री ने आज आई कंपनियों की बैठक बुलाई है। बाढ़ के कारण कर्मचारियों को ट्रैक्टरों से दफ्तर पहुंचना पड़ रहा है।
ट्रैक्टर टॉलियों में सवार होकर ड्यूटी पर जा रहे आईटी पेशेवर
इस बीच, सिलिकॉन सिटी बेंगलुरु में लगातार बारिश जारी है। शहर के कई हिस्सों में जलजमाव के कारण आवाजाही मुश्किल हो गई है। आईटी सिटी के सॉफ्टवेयर कर्मियों को ट्रैक्टर टॉलियों में सवार होकर ड्यूटी पर जाना पड़ रहा है। राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सीएन अश्वथनारायण ने बुधवार शाम पांच बजे कई सॉफ्टवेयर कंपनियों के प्रमुखों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है।
इसमें अभूतपूर्व बारिश के कारण शहर में पैदा हुई समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। राज्य सरकार के मुख्य सचिव, बृहत बेंगलुरु महानगर निगम, बैंगलोर जल प्राधिकरण के अधिकारी, शहरी विकास विभाग के अधिकारी और शहर के पुलिस आयुक्त इस बैठक में भाग लेंगे। यह बैठक विधान सौद के सम्मेलन हॉल में होगी।
बैठक में इंफोसिस, विप्रो, एम्फैसिस, नैसकॉम, गोल्डमैन सॉक्स, इंटेल, टीसीएस, फिलिप्स सोनाटा सॉफ्टवेयर और अन्य कंपनियों जैसी कंपनियों के प्रमुख या प्रतिनिधि शामिल होंगे। राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कंपनियों की समस्याओं के समाधान के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रही है, चूंकि बेंगलुरू में भारी बारिश के कारण भीषण जलभराव जारी है, इसलिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की एक टीम को शहर में एक जलमग्न आवासीय समाज से लोगों को बचाने के लिए तैनात किया गया है।