निशिकांत दुबे, सांसद, भाजपा
- फोटो : ANI
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने इंदिरा गांधी पर साधा निशाना
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 1965 के भारत-पाक युद्ध में जीत के बावजूद कांग्रेस ने 1968 में गुजरात के रन ऑफ कच्छ का 828 वर्ग किलोमीटर हिस्सा पाकिस्तान को सौंप दिया। दुबे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर ले जाकर मध्यस्थता के लिए सहमति दी, जिससे भारत को क्षेत्रीय नुकसान हुआ। दुबे ने एक दस्तावेज का हवाला देते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र के तहत गठित अंतरराष्ट्रीय न्यायाधिकरण ने यह फैसला सुनाया, जिसमें भारत ने यूगोस्लाविया के एल्स बेबलर को अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया था।
दुबे ने कहा, 1965 का युद्ध जीतने के बाद 1968 में कच्छ का 828 वर्ग किमी हिस्सा पाकिस्तान को दे दिया। भारत-पाक मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर लाया गया, यूगोस्लाविया के वकील अली बाबर को मध्यस्थ बनाया गया। पूरी संसद ने विरोध किया, लेकिन इंदिरा गांधी आयरन लेडी थीं, उन्होंने डरकर हमारा हिस्सा नीलाम कर दिया। यही आयरन लेडी का सच है। कांग्रेस का हाथ हमेशा पाकिस्तान के साथ।
हालांकि, ऐतिहासिक तथ्य बताते हैं कि ट्रिब्यूनल ने 19 फरवरी 1968 को अपना फैसला सुनाया, जिसमें भारत को रन का 90 प्रतिशत हिस्सा (लगभग 8,320 वर्ग किमी) मिला, जबकि पाकिस्तान को 828 वर्ग किमी दिया गया। यह मध्यस्थता दोनों देशों की सहमति से हुई थी। दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने इंदिरा गांधी की विरासत का हवाला देते हुए उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा और नेतृत्व में दृढ़ निर्णय लेने वाली नेता बताया।
संबंधित वीडियो