सुप्रीम कोर्ट ने एक वकील को अवमानना का नोटिस जारी किया है, जिसने 16 नवंबर को खुली अदालत में भारत के मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) की ओर से वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग वाली याचिका पर विचार करते हुए, जस्टिस दीपांकर दत्ता, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कथित अवमाननाकर्ता, अधिवक्ता प्रवीण सिंघल को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
बेंच ने क्या कहा?
बेंच ने अटॉर्नी जनरल की मंजूरी समेत मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों पर विचार किया। इसके बाद कोर्ट ने कहा कि पहली नजर में यह मामला आगे कार्रवाई करने लायक है। कोर्ट ने कहा कि एससीबीए ने वकील के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। कोर्ट को लगता है कि इस मांग पर आगे सुनवाई होनी चाहिए। अब इस मामले की अगली सुनवाई जनवरी में होगी।
पीठ ने क्या निर्देश दिए?
बेंच ने कहा कि प्रतिवादी 8 जनवरी तक अपना जवाब (हलफनामा) दाखिल कर सकता है। इसके साथ ही निर्देश दिया कि अगली सुनवाई की तारीख पर उसे व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहना होगा। एससीबीएके अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप राय ने शुरुआत में ही कहा कि खुली अदालत में अनुचित टिप्पणी करने की घटना पूरी तरह से अस्वीकार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह वकील एससीबीए का सदस्य नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिवादी ने सीजेआई सूर्यकांत को निशाना बनाते हुए इंस्टाग्राम पर एक रील भी पोस्ट की है।
सॉलिसिटर जनरल ने क्या कहा?
राय ने आगे कहा कि ऐसे कई अन्य लोग भी हैं जो जजों को निशाना बनाकर सोशल मीडिया कंटेंट से पैसे कमाते हैं। भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि वह एससीबीए की याचिका का पूरा समर्थन करते हैं, क्योंकि अदालत की गरिमा को बनाए रखना जरूरी है। अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की सहमति देने वाले पत्र में, एजी वेंकटरमणी ने प्रवीण सिंघल के आचरण को "बेहद अपमानजनक और अक्षम्य" बताया। उन्होंने कहा कि यह 'कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट्स एक्ट' (अदालत की अवमानना अधिनियम) की धारा 15(1)(b) के तहत कार्रवाई करने के लिए एक उपयुक्त मामला है।
क्या है मामला?
दरअसल, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में वकील ने सुनवाई के दौरान सीजेआई पर व्यक्तिगत टिप्पणी की। पीठ में सीजेआई सूर्यकांत के अलावा न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी मौजूद थे। सीजेआई ने वकील से इंतजार करने को कहा और आश्वासन दिया कि उनके कागजात देखे जाएंगे। लेकिन वकील इंतजार करने को तैयार नहीं हुए। उन्होंने सीजेआई पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा, 'नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा। आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके योग्य नहीं हैं। आपके अंदर इसके लिए ईमानदारी नहीं है।'
बताया गया कि वकील ने न्यायमूर्ति बागची और न्यायमूर्ति मोहना के प्रति सम्मान जताया, लेकिन सीजेआई सूर्यकांत को इस पद के योग्य मानने से इनकार कर दिया। घटना के बाद कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। अदालत में मौजूद वकीलों के मुताबिक, इसके बाद संबंधित वकील को कोर्ट रूम से बाहर ले जाया गया। वहां मौजूद कुछ अन्य वकीलों ने सीजेआई से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की।