चलती बाइक पर गर्लफ्रेंड के साथ कर रहा था रोमांस
- फोटो : इंस्टाग्राम
सोशल मीडिया पर वायरल होने और रील्स बनाने का शौक आजकल कुछ युवाओं पर इस कदर हावी है कि वे इसके लिए अपनी जान तक जोखिम में डालने से पीछे नहीं हटते। कभी कोई चलती गाड़ी से स्टंट करता नजर आता है, तो कोई सड़क पर ही ऐसी हरकतें करने लगता है, जिससे दूसरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक कपल चलती बाइक पर रोमांस करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, कुछ ही घंटों में दोनों का सारा स्वैग निकल गया और उन्हें पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगनी पड़ी।
बाइक की टंकी पर बैठकर करने लगी रोमांस
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक सड़क पर तेज रफ्तार में बाइक चला रहा है। हैरानी की बात यह है कि उसकी गर्लफ्रेंड पीछे बैठने के बजाय बाइक की पेट्रोल टंकी पर उसकी तरफ मुंह करके बैठी हुई है। दोनों को इस बात की जरा भी परवाह नहीं दिख रही कि उनकी इस हरकत से कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वे चलती बाइक पर एक-दूसरे को किस करते और रोमांस करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ लोग भी कपल की इस हरकत को देखकर हैरान रह जाते हैं। पीछे चल रहे कुछ युवक उनकी वीडियो बनाने लगते हैं और जोर-जोर से हूटिंग करने लगते हैं।
हूटिंग सुनकर लड़की ने भी दिखाया स्वैग
वीडियो में सबसे हैरान करने वाला नजारा तब दिखता है, जब पीछे से आ रही हूटिंग सुनकर बाइक की टंकी पर बैठी लड़की अपने हाथ हवा में उठा देती है। ऐसा लगता है कि उसे अपनी इस हरकत पर कोई शर्मिंदगी नहीं है, बल्कि वह लोगों की हूटिंग का जवाब अपने अंदाज में दे रही है। हालांकि, चलती बाइक पर इस तरह बैठना और रोमांस करना किसी भी वक्त बड़े हादसे की वजह बन सकता था।
थाने पहुंचते ही बदल गए दोनों के तेवर
वीडियो का दूसरा हिस्सा इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प मोड़ दिखाता है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और दोनों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद दोनों थाने में नजर आते हैं। यहां न तो लड़की का स्वैग दिखाई देता है और न ही लड़के का रोमांटिक अंदाज। दोनों कैमरे के सामने सिर झुकाकर कान पकड़ते हुए अपनी गलती मानते नजर आते हैं। वे कहते हैं कि उनकी इस हरकत से न सिर्फ उनकी अपनी जान खतरे में थी, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जिंदगी भी जोखिम में पड़ सकती थी। साथ ही, वे आगे से ऐसी गलती न दोहराने की बात कहते हुए माफी मांगते हैं।
वीडियो देखकर यूजर्स भी ले रहे मजे
कपल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है। लोग वीडियो के दोनों हिस्सों को देखकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि वीडियो का पहला हिस्सा रोमांटिक फिल्म जैसा था, लेकिन दूसरे हिस्से में पुलिस ने पूरी कहानी ही बदल दी। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि सड़क पर ऐसे स्टंट करने वालों के साथ सख्ती जरूरी है। कुछ लोग लड़की के हवा में हाथ उठाने वाले अंदाज और बाद में थाने में कान पकड़ने वाले दृश्य की तुलना करते हुए भी मजेदार कमेंट कर रहे हैं।