कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने ईवीएम की विश्वसनीयता पर उठाए जा रहे सवालों को विपक्षी दलों का दोहरा रवैया बताया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि चुनाव नतीजे उम्मीद के अनुरूप नहीं आने पर ऐसे सवाल किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘मनमोहन सिंह दो बार प्रधानमंत्री बनें तो ईवीएम सही है। ममता बनर्जी, मायावती और द्रमुक उसी ईवीएम से जब चुनाव जीतें तो ईवीएम सही है, लेकिन मोदी अगर दो बार जीतें तो ईवीएम खराब है। यह दोहरा रवैया छोड़ राजनीतिक दल ईमानदारी से अपने चुनाव परिणाम की समीक्षा करें।’
प्रसाद ने बुधवार को राज्यसभा में ‘चुनाव सुधार की आवश्यकता’ के विषय पर हुयी अल्पकालिक चर्चा का जवाब देते हुये कहा कि एक देश एक चुनाव और ईवीएम की विश्वसनीयता जैसे गंभीर विषयों पर विपक्षी दलों ने न सिर्फ दोहरा रवैया अपनाया है बल्कि उनका यह रवैया जनता को गुमराह करने वाला भी है।
प्रसाद ने कहा, ‘अब समय आ गया है कि हर समय चलने वाले चुनाव के चक्र से देश को बाहर निकाल कर पूरे देश में एक साथ चुनाव कराये जाने पर सार्थक बहस की जाए।’
उन्होंने, हालांकि एक देश एक चुनाव के विचार में पूरे देश की एक ही मतदाता सूची को भी लागू करने के विचार को भी शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वह बतौर कानून मंत्री चुनाव आयोग से एक ही मतदाता सूची बनाने के विषय पर भी विचार करने का अनुरोध करेंगे।