एआईबी के एंकर तन्मय भट्ट का लता और सचिन पर बनाया गया भद्दा वीडीयो सोशल साइट पर वायरल होने के बाद भारत की महान गायिका लता मंगेशकर ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। एक वेबसाइट ने जब लता से इस वीडियो और तन्मय के बारे में पूछा, तो उन्होंने बड़ी ही सधी हुइ भाषा में जवाब दिया।
लता ने कहा, 'मैने यह वीडियो नहीं देखा और न ही मैं इसे देखना चाहती हूं।' उन्होंने कहा, 'मैं इसके बारे में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती हूं। मैं नहीं जानती कि तन्मय भट्ट कौन है?' स्पष्ट है कि लता इस पर विचार व्यक्त कर मामले को तूल नहीं देना चाहती हैं।
वे एक बहुत बड़ी हस्ती हैं और इस तरह की ओछी हरकत से उनकी छवि को जरा भी आंच नहीं पहुंचेगी। हालांकि लता के नजदीकी सूत्रों की मानें तो लता इस वीडियो से नाराज हैं, लेकिन अपनी नाराजगी को जाहिर कर लता बात को आगे नहीं बढ़ाना चाहती हैं। इसलिए उन्होंने इस मामले से अपने आपको दूर कर लिया है।