कश्मीर में आतंक फैलाने के बाद आतंकी भारत के उत्तरपूर्वी क्षेत्र को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे हैं। पाकिस्तान में बैन हो चुके आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने जिहादियों को देश के उत्तरपूर्वी इलाकों में आतंक भड़काने की बात कही है। लश्कर के आतंकियों की चाल सुरक्षा एजेंसी के रडार में एक वीडियो लीक होने की बात आई।
इस वीडियो में लश्कर के को-फाउंडर अमीर हमजा ने दार्जिलिंग, सिक्किम समेत देश के कई हिस्सों में हिंसा फैलाने की बात कही है।
वीडियो 19 जुलाई को लाहौर से सामने आया, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को परेशान कर दिया। इस वीडियो में हमजा ने भारत और चीन के बीच डोकलाम क्षेत्र में चल रही तनातनी का फायदा उठाते हुए भारत में आतंक फैलाने की बात कही है।
हमजा ने जारी क्लिप में कहा कि हम सिक्किम में लड़ेंगे, भूटान में लड़ेंगे, दार्जिलिंग में लड़ेंगे और श्रीनगर में लड़ेंगे। हाल के दिनों में सुरक्षा एजेंसियों ने कई आतंकियों को चिह्नित किया है, लेकिन अमीर हमजा का यह वीडियो गृह मंत्रालय के कानों में घंटी की तरह बजा। दरअसल, जनवरी 2017 में लश्कर चीफ हाफिज सईद को नजरबंद किए जाने के बाद हमजा पहली बार जनता के सामने आया है।