राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सेहत खराब होने के पीछे गहरी साजिश का अंदेशा जताया। उन्होंने कहा कि अटल जी स्वस्थ थे। अब किसी को पहचान तक नहीं पाते। उनको न जाने क्या पिला दिया गया कि उनका खून पानी हो गया, दिमाग सुन्न हो गया। उनकी इस कदर बिगड़ी सेहत की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए।
पिंडरा के कठिरांव में कांग्रेस-सपा गठबंधन की ओर से आयोजित सभा में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भारत की बहू बताकर तारीफ की। लालू रौ में आए तो भाजपाध्यक्ष अमित शाह की तुलना गैंडे तक से कर डाली। उन्होंने बिहारी अंदाज में कहा कि भारत के इतिहास में इतना गंदा प्रधानमंत्री नहीं देखा। एगो सूई का भी कारखाना लगाया हो तो बताओ। पांच साल पूरा नहीं होने देंगे। पटकी-पटका, धक्कामुक्की कर हटा देंगे।
कठिरांव स्थित सूरज प्रसाद इंटर कॉलेज में विधायक अजय राय के समर्थन में हुई जनसभा में लालू प्रसाद ने पीएम मोदी पर जमकर व्यंग्य बाण चलाए। पीएम की तुलना उन्होंने ताली बजाकर मनोरंजन करने वाले से की। जबकि, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को ‘साधु’ बताया। कहा कि यूपीए में मैं कांग्रेस के साथ रहा हूं। जब सोनिया का विदेशी के नाम पर विरोध हो रहा था, तब मैंने कहा था कि वह विदेशी नहीं, भारत की बहू हैं। मैं सोनिया को पीएम बनाना चाहता था लेकिन उन्होंने साधु आदमी मनमोहन को बना दिया।
'पीएम मोदी मनमोहन को रेनकोट में नहाते देखते हैं'
लालू प्रसाद यादव
- फोटो : amar ujala
लालू ने कहा कि पीएम मोदी मनमोहन को रेनकोट में नहाते देखते हैं। मैं उनसे पूछता हूं कि रेनकोट देखा तो और क्या-क्या देखा? इतने पर भीड़ ठहाके लगाने लगी। लालू ने कहा कि गुजरात से 2014 में मोदी बनारस आए तो बोले कि अपने मन से नहीं आया हूं। मां गंगा ने बुलाया है। मैं पूछता हूं कि मां गंगा कब बुलाती हैं। जब संस्कार होना होता है तब।
जापान के पीएम शिंजो अबे को भी मोदी ने दो घंटे तक घाट पर बैठा दिया। इनका कोई ठिकाना नहीं है। उन्होंने जनता से कहा कि इन पर भरोसा मत करना। अखिलेश का सिर्फ रिन्यूवल करना है, कर देना। इस मौके पर विधायक भोला यादव, केपी यादव, प्रजानाथ शर्मा, त्रिभुवन पांडेय, प्रो सतीश राय, रामबालक पटेल समेत तमाम नेता उपस्थित थे।