झारखंड में राजद को बड़ा झटका लगा है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेहद करीबी मानी जानेवाली पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को दिल्ली में भाजपा ज्वाइन कर लिया। उनके साथ राजद के पूर्व विधायक जनार्दन पासवान ने भी भाजपा की सदस्यता ली। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह ने भी पार्टी से किनारा कर लिया है।
रविवार को हुई महागठबंधन की बैठक में राजद की ओर से अन्नपूर्णा शामिल नहीं हुई थीं, बल्कि बीमार होने की बात कह कर अपने एक प्रतिनिधि को भेजा था। झारखंड में महागठबंधन की सीटों के एलान के बाद यह संभावना मजबूत हो गई थी कि वह राजद छोड़ सकती हैं। कोडरमा सीट बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा के खाते चली गई है। ऐसे में महागठबंधन में रहते हुए अन्नपूर्णा देवी का लोकसभा चुनाव लड़ना मुश्किल हो रहा था।
भारतीय जनता पार्टी ने अबतक कोडरमा सीट से नाम का एलान नहीं किया है। यहां से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय मौजूदा सांसद हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष होने के बावजूद पार्टी ने उनके नाम का एलान नहीं किया है। इस वजह से चर्चा हो रही है कि उनका टिकट कट सकता है। अब यह देखना दिचलस्प होगा कि भाजपा अन्नपूर्णा देवी या रवींद्र राय में किस पर चुनावी दांव खेलती है।