कोरोना मरीजों के लिए अस्थायी अस्पताल (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : एएनआई
दिल्ली में कोरोना रोज एक नया रिकॉर्ड बना रहा है। मरीजों की रोज बढ़ती संख्या में सबको अस्पतालों में रख पाना मुश्किल हो गया है। इसे देखते हुए यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और कॉमनवेल्थ विलेज को कोरोना मरीजों के लिए अस्थायी अस्पतालों में बदला जा रहा है। रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इन जगहों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मरीजों की भारी संख्या को देखते हुए सबको बेड्स उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती बन गया है। केंद्र सरकार के अस्पतालों में लगभग 10 हजार बेड्स उपलब्ध हैं। अभी इनमें से केवल 1800 बेड्स ही कोरोना मरीजों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इनके कम से कम सात हजार बेड्स कोरोना मरीजों के लिए सुरक्षित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। बेड्स की कमी नहीं होने दी जाएगी। अस्पतालों के आलावा बैंक्वेट हॉल्स और बड़े सार्वजनिक स्थलों को अस्थायी अस्पतालों में तब्दील किया जा रहा है और जल्दी ही पर्याप्त मात्रा में लोगों के लिए बेड्स उपलब्ध हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मरीजों को लगातार ऑक्सीजन सप्लाई उपलब्ध कराने में भी भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस आपात स्थिति में दिल्ली के हिस्से की ऑक्सीजन की सप्लाई दूसरे राज्यों को की जा रही है, जबकि अकेले दिल्ली को ही प्रतिदन 700 मीट्रिक टन के लगभग ऑक्सीजन की आवश्यकता है। सीएम ने कहा कि उन्होंने केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर दिल्ल्ली को पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए कहा है।