कुरनूल में आग लगने से जलकर खाक हुई बस।
- फोटो : अमर उजाला प्रिंट
हैदराबाद से बंगलूरू जा रही निजी बस में आग की घटना के बाद चश्मदीदों ने उस रात का खौफनाक मंजर बयां किया, जब गहरी नींद से जागकर उन्होंने जलती हुई बस से किसी तरह अपनी जान बचाई। ड्राइवर सीट के पीछे बैठे अश्विन ने बताया कि उन्होंने खिड़की की तरफ आग देखी और तत्काल ड्राइवर को सूचित किया। बस तुरंत रुकी। अश्विन के अनुसार, लगभग 20 लोग किसी तरह खिड़कियां तोड़कर बाहर निकल पाए, जबकि बाकी लोग अंदर ही फंसे रह गए।
बस यात्री जयंत कुशवाहा ने बताया कि वह नींद में थे तभी अचानक आंख खुली तो चारों तरफ आग थी। कुछ देर बाद महसूस हुआ कि यह सच में आग है। उस वक्त सिर्फ दो-तीन लोग जगे थे। उन्होंने चिल्लाकर सबको जगाया। दरवाजे बंद थे और ड्राइवर नदारद। ऐसे में, उन्होंने और कुछ यात्रियों ने मिलकर आपातकालीन खिड़की तोड़ी और जलती बस से बाहर छलांग लगाकर जान बचाई। नेल्लोर की रहने वाली आईटी कर्मचारी एस हरिका ने बताया कि वह सो रही थीं। जब उठीं तो देखा कि आग बस को अपनी चपेट में ले रही है जो चंद सेकंड में फैल गई। उन्होंने बताया कि एक यात्री ने पीछे का दरवाजा तोड़ दिया, जिससे वे सब बाहर कूद गए। इस दौरान उनके माथे पर हल्की चोट आई है।
सूरज ने 15 फीट की ऊंचाई से कूदकर बचाई जान, पैर टूटा
नौकरी के लिए इंटरव्यू देने बंगलूरू जा रहे सूर्या ने बस से 15 फीट की ऊंचाई से कूदकर जान बचाई। इसमें उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। उनके साथ एक अन्य साथी यात्री, नवीन (आईटी कर्मचारी) भी घायल है। सूर्या ने कहा कि यात्रियों की बहादुरी और सूझबूझ ने कई जानें बच गईं। घायल यात्रियों को स्थानीय अधिकारियों की मदद से अब घर वापसी के लिए पुलिस सुरक्षा के साथ वाहन की व्यवस्था की जा रही है।
बस के दो चालकों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज
कुरनूल के एसपी विक्रांत पटेल ने कहा कि हादसे में जीवित बचे लोगों में से एक एन रमेश की शिकायत के आधार पर कुरनूल जिले के उलिंडाकोंडा पुलिस ने बस के दो चालकों के खिलाफ लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। इन चालकों पर बीएनएस अधिनियम की धारा 125(ए) (मानव जीवन को खतरे में डालना), 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पटेल ने बताया कि बाइक बस के नीचे घिसट गई और उससे निकली चिंगारियों से आग लग गई। बस की बैटरियां, बस में ज्वलनशील सामान और कार्गो में रखे मोबाइल फोन ने आग को और भड़का दिया, जिससे यह दुखद घटना हुई।