कर्नाटक की राजनीति में जुमलेबाजी इनदिनों शब्दों के युद्ध में बदल गई है। कर्नाटक में जिस दिन से जेडीएस और कांग्रेस की सरकार बनी है तभी से भाजपा और कांग्रेस के नेताओं में वाद-विवाद प्रतियोगिता चल रही है। अब जब यह शब्दों का प्रहार बढ़ रहा है तब मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि मैंने अपने लोगों से कहा है कि प्रदेश भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की पार्टी हमारी सरकार को अस्थिर करने में लगी है।
एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि भाजपा लगातार गलत पैसों का उपयोग कर मेरी सरकार को अस्थिर करने में लगी हुई है। परेशान दिख रहे कुमारस्वामी अपने पैतृक जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही लगातार चलता रहा तो मैं अपने लोगों से कहना चाहता हूं कि वह भाजपा के खिलाफ विद्रोह कर दें। मैं चुप नहीं बैठने वाला हूं। क्या उन्हें लगता है कि सिर्फ उन्हें ही राजनीति करनी आती है। मुझे भी ऐसे मामलों को संभालना आता है।
भाजपा अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा और प्रदेश के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के बीच लगातार जुबानी जंग चल रही है। इनमें शब्दों के हथौड़े चल रहे हैं। मजेदार बात ये है कि जब जब येदियुरप्पा कुमारस्वामी के खिलाफ कुछ कहते हैं मुख्यमंत्री उनका जवाब देते हैं।
कुमारस्वामी ने कहा कि येदियुरप्पा मेरे खिलाफ लगातार मेरे खिलाफ बोल रहे हैं। येदियुरप्पा ने मुझे और मेरे पिता को राज्य के खजाने का चोर बताया है। मैं यह पूछना चाहता हूं कि मैंने और मेरे पिता ने किस तरह का पैसा चुराया है। क्या उनके पास इसका कोई सबूत है। मैंने और मेरे परिवार ने कभी भी राज्य के पैसे की चोरी नहीं की है। राज्य सरकार को परसेंटेज प्रणाली देने वाले येदियुरप्पा और उसका परिवार ही है।