प्रज्ज्वल रेवन्ना इन दिनों विवादों में है। इस बीच जेडीएस के वरिष्ठ नेता ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे की मौत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच के आदेश क्यों नहीं दिए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम ने कहा कि मेरे बेटे की मौत का मामला उछालना जेडीएस नेता की मुर्खता है। बता दें, 30 जुलाई 2016 को सिद्धारमैया के बेटे राकेश सिद्धारमैया के बेटे की बेल्जियम में कई अंगों की विफलता के कारण मौत हो गई थी।
कुमारस्वामी ने लगाए आरोप
जेडीएस नेता कुमारस्वामी ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री का बेटा भी विदेश गया था। वहां वह दुर्घटना का शिकार हो गया। वह किस कार्यक्रम में वहां गया था। क्या उसने सिद्धारमैया की अनुमति ली थी। सिद्धारमैया ने राकेश की मौत की जांच के आदेश क्यों नहीं दिए। इसे क्यों छिपाया गया। सीएम ने उन्हें विदेश क्यों जाने दिया। उनके साथ कितने लोग विदेश गए थे। कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि प्रज्ज्वल के यौन शोषण मामले का इस्तेमाल उनके परिवार को राजनीतिक रूप से खत्म करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पीड़ितों के चेहरे के साथ वीडियो शेयर किया, उन्होंने अपराध किया है।
सीएम ने दी प्रतिक्रिया
सिद्धारमैया ने कुमारस्वामी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मौत आठ साल पहले हो गई थी। राकेश का मामला उठाना उनकी मूर्खता है। सीएम ने कहा कि राकेश सिद्धारमैया की 2016 में मृत्यु हुई। उसका प्रज्ज्वल के मामले से क्या संबंध है।
फोन टैप के आरोप भी लगाए
इससे पहले, कुमारस्वामी ने आरोप लगाया था कि हमारे फोन टैप किया जा रहे हैं। मेरे आसपास के चालीस लोगों के फोन टैप हो रहे हैं। फोन पर जो बात हो रही है, सब सुनी जा रही है। मुझे सब पता है। एचडी रेवन्ना का फोन भी टैप हो रहा है। इसके अलावा, कुमारस्वामी ने सार्वजनिक रूप से अपने भतीजे से भारत लौटने और जांच में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आप भारत वापस आएं और जांच में पूरा सहयोग करें। कब तक यह चोर-पुलिस का खेल चलेगा। कुमारस्वामी ने आगे कहा कि आपके दादाजी ने हमेशा चाहा कि आप राजनीति में आगे बढ़े। आप यदि उनकी प्रतिष्ठा का सम्मान करते हैं तो भारत लौट आएं।