फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

Kumar Vishwas: भगवान राम की मूर्ति लेकर पीड़ित डॉक्टर के घर पहुंचे कुमार विश्वास, माफी मांगकर साथ मनाई दीपावली

डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Harendra Chaudhary Updated Mon, 13 Nov 2023 03:57 PM IST

सार

Kumar Vishwas: कवि कुमार विश्वास दीपावली की शाम डॉ. पल्लव वाजपेयी से मिलने उनके घर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों से हुए विवाद पर कुमार विश्वास ने एक बार फिर डॉ. पल्लव से क्षमा मांगी और उन्हीं के साथ उनके घर पर दिवाली मनाई...
विज्ञापन
विज्ञापन
Kumar Vishwas - फोटो : Amar Ujala


यह विवाद सामने आने के बाद से कुमार विश्वास सवालों के घेरे में थे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का रवैया भी आक्रामक हो गया था। आईएमए ने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी थी। माना जा रहा है कि अपनी छवि को पहुंच रहे नुकसान को देखते हुए और विवाद खत्म करने की कोशिश के तहत कुमार विश्वास पीड़ित डॉक्टर के घर पहुंचे और उनसे क्षमा मांगी। 


सूत्रों का कहना है कि डॉ. कुमार विश्वास ने प्रताप विहार निवासी डॉ. पल्लव वाजपेयी के परिचितों के माध्यम से उनके घर जाने का समय मांगा और दीपावली की शाम उनके घर पहुंचे। उनसे और उनके परिवार से मिलकर उनका कुशल-क्षेम जाना। उन्हें भगवान राम की मूर्ति भी भेंट की। 


क्या था विवाद?

दरअसल, कुमार विश्वास एक कार्यक्रम के सिलसिले में अलीगढ़ जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ियों का काफिला हिंडन बैराज मोड़ पर पहुंचा तो उनके सुरक्षाकर्मियों ने पीछे चल रहीं गाड़ियों को रुकने का इशारा किया। साइड नहीं देने पर सुरक्षाकर्मियों ने कार सवार डॉ. पल्लव वाजपेई को रोक लिया। डॉक्टर का कहना था कि वे वैशाली के आरोग्य अस्पताल से विजयनगर के निजी अस्पताल में आपात स्थिति के लिए जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों की डॉक्टर पल्लव वाजपेयी से झड़प हुई थी, जिसमें डॉक्टर को काफी चोटें आई थीं। डॉ. पल्लव और सुरक्षाकर्मियों दोनों ने अपनी-अपनी ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।


कुमार विश्वास की होने लगी थी किरकिरी

घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुमार विश्वास की किरकिरी होने लगी। कुमार विश्वास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लंबी पोस्ट डालकर माफी मांगी। उन्होंने कहा था कि अलीगढ़ जाते समय वसुंधरा स्थित घर से जब निकला तो हिंडन नदी तट पर किसी कार चालक ने साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों की कार पर दोनों ओर से टक्कर से हमला करने की कोशिश की। जब नीचे उतरकर सुरक्षाकर्मियों ने उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोका तो उसने न केवल यूपी पुलिस के सिपाही बल्कि केंद्रीय बलों के सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला किया। कुमार विश्वास ने अपनी पोस्ट में लिखा था- डॉ. पल्लव के निजी कष्ट का कारक न होने के बाद भी उनसे क्षमा।


आईएमए ने जताया था विरोध

डॉक्टर पर हमले के बाद इंदिरापुरम कोतवाली पहुंचे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की थी। बाद में पुलिस की तरफ से आईएमए को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। कार्रवाई नहीं होने पर आगे निर्णय लेने की बात कही गई थी। आईएमए यूपी के सचिव डॉ. वीबी जिंदल ने कहा था कि कुमार विश्वास के सुरक्षाकर्मियों ने डॉ. पल्लव वाजपेयी को झाड़ियों में डालकर पीटा और उनकी घड़ी लेकर चले गए। यह सब कुमार विश्वास के सामने हुआ, लेकिन उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को नहीं रोका। आईएमए वेस्ट के अध्यक्ष विपुल त्यागी ने कहा था कि अगर कुमार विश्वास ने माफी नहीं मांगी तो पूरे देश के डॉक्टर हड़ताल पर चले जाएंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next