IFS Ashish Middha, RPO Kolkata
- फोटो : अमर उजाला कोलकाता
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (आरपीओ) आईएफएस आशीष मिड्ढा ने कहा कि पूरी दुनिया में हिंदा का डंका बज रहा है। हमारी भाषा की विशेषता है कि दुनिया के हर कोने में हिंदी पहुंच रही है। दुनिया के कई देशों के लोग हिंदी सीख रहे हैं। यह हमारे लिए गौरव की बात है। वे यहां विदेश मंत्रालय अंतर्गत क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, कोलकाता की राजभाषा पत्रिका अभ्युदय के तीसरे संस्करण के विमोचन के मौके पर बोल रहे थे।
कोलकाता के ब्रेबर्न रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में में हुए इस विमोचन कार्यक्रम में गृह मंत्रालय में उपनिदेशक (राजभाषा- पूर्व क्षेत्र, हिंदी शिक्षण योजना) सुनील कुमार लोका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आरपीओ ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। इस मौके पर उप पासपोर्ट अधिकारी तपन दास व एकलव्य चक्रवर्ती, वरिष्ठ अधीक्षक जय कर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर भारतीय विदेश सेवा एवं क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी मिड्ढा ने कहा- हमारे लिए बहुत हर्ष का विषय है कि हम आज राजभाषा पत्रिका के तृतीय संस्करण का विमोचन कर रहे हैं। उन्होंने कार्यालय के सभी कर्मियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी ने इस गृह पत्रिका में अपना योगदान दिया है। इस पत्रिका में कर्मियों के बच्चों की भी कविताएं व चित्रकारी को स्थान दिया गया है।
मिड्ढा ने इस पत्रिका के लिए शुभकामना संदेश देने के लिए केंद्रीय विदेश राज्य मंत्रियों- वी मुरलीधरन, मीनाक्षी लेखी और राजकुमार रंजन सिंह समेत देश के चीफ पासपोर्ट आफिसर एवं संयुक्त सचिव (राजभाषा) व अन्य अधिकारियों का भी आभार जताया। उन्होंने उल्लेख किया कि कोलकाता को राजभाषाा नीति के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए वर्ष 2022 का सर्वश्रेष्ठ पासपोर्ट कार्यालय पुरस्कार से केंद्र सरकार ने सम्मानित किया है।
मिड्ढा ने कहा, हिंदी का आज पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। भारतीय साहित्य का लगातार विस्तार हो रहा है और विदेशों में इसे खूब पढ़ा जा रही है। आज आप अंग्रेजी में भी हिंदी के शब्दों के प्रयोग देखते हैं, अनुमान लगा लीजिए कि हमारी भाषा ने कितनी तरक्की की है।