कोलकाता मेट्रो रेलवे में सितंबर में 2.08 करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया। मेट्रो रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए मेट्रो प्रबंधन ने सुचारु संचालन के लिए अतिरिक्त स्टाफ, अधिकारी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की है। भीड़ से बचने के लिए यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग मोड अपनाने की अपील की गई है।
कोलकाता मेट्रो रेलवे ने सितंबर में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। 1 से 28 सितम्बर तक 2.08 करोड़ से अधिक यात्रियों ने मेट्रो की यात्रा की, जिससे यह साबित होता है कि मेट्रो अब भी शहरवासियों की सबसे सुविधाजनक और आरामदायक परिवहन व्यवस्था बनी हुई है।
मेट्रो रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि त्योहारी सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए मेट्रो प्रबंधन ने सुचारु संचालन के लिए अतिरिक्त स्टाफ, अधिकारी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की है। भीड़ से बचने के लिए यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग मोड अपनाने की अपील की गई है। यात्री स्मार्ट कार्ड और मोबाइल क्यूआर टिकट का उपयोग कर सकते हैं, जिन पर पांच प्रतिशत बोनस/रिबेट की सुविधा मिलती है। 1 से 28 सितंबर के बीच 74,022 स्मार्ट कार्ड बेचे गए हैं।
आमार कोलकाता मेट्रो ऐप
सुविधा बढ़ाने के लिए आमार कोलकाता मेट्रो ऐप से टिकट बुकिंग और स्मार्ट कार्ड रिचार्ज की भी सलाह दी गई है। वहीं, सैलानियों के लिए टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड उपलब्ध हैं, जिनसे तीन और पांच दिन तक असीमित यात्रा की जा सकती है। इनकी कीमत क्रमश 250 और 550 रुपये है और ये सभी स्टेशनों पर मिल रहे हैं।
मेट्रो अधिकारी ने कहा, हम अपनी आमार मेट्रो और अपने यात्रियों पर गर्व करते हैं। मेट्रो किफायती, सुरक्षित और आरामदायक सफर का सबसे अच्छा साधन है, इसलिए अधिक से अधिक लोग इसे चुन रहे हैं। सभी यात्रियों से अनुरोध है कि पब्लिक एड्रेस सिस्टम और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें। सुरक्षित और सुखद पूजा का आनंद मेट्रो के साथ उठाएं।