पुलिस मुख्यालय से रिहा हुए केंद्रीय मंत्री मजूमदार
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार रविवार सुबह कोलकाता पुलिस मुख्यालय से बाहर निकले। उन्हें अन्य भाजपा नेताओं के साथ रातभर हिरासत में रखा गया था। मजूमदार ने कहा कि उन्होंने निजी मुचलके पर जमानत लेने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सुबह उन्हें बिना कोई आरोप लगाए रिहा कर दिया। लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल लोकतंत्र का हत्यारा बन गया है। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी अब से जमानत अस्वीकृति आंदोलन चलाएगी, जिसमें इस बात पर जोर दिया जाएगा कि आंदोलन के दौरान हिरासत में लिए गए लोग पुलिस थानों से निजी मुचलके पर जमानत नहीं लेंगे और अदालत में पेश किए जाने पर जोर देंगे।
ये भी पढ़ें:- Kolkata Gangrape Case: हिरासत में लिए गए सुकांत मजूमदार, दुष्कर्म की घटना के खिलाफ कर रहे थे विरोध प्रदर्शन
शिक्षा मंत्री ने टीएमसी पर साधा निशाना
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े गुंडे बंगाल की बेटियों पर अत्याचार कर रहे हैं जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस मुद्दे पर चुप हैं। उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में एक कार्यक्रम के इतर प्रधान ने कहा, पश्चिम बंगाल, जो कभी देश को रास्ता दिखाता था, अब आरजी कर चिकित्सक के दुष्कर्म व हत्या और अब साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म जैसी क्रूरताओं से पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस राज्य में रवींद्रनाथ टैगोर, ईश्वर चंद्र विद्यासागर, स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महापुरुष पैदा हुए, जो राज्य कभी देश को रास्ता दिखाता था, आज वहां सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़े और संरक्षित गुंडों द्वारा महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की लगातार घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आरजी कर मामले में एक नागरिक पुलिस स्वयंसेवक शामिल था और इस मामले में टीएमसी से जुड़े गुंडों की प्रत्यक्ष संलिप्तता के आरोप हैं।