अमेरिका ने 2.4 अरब डॉलर की अनुमानित कीमत पर भारत को 24 बहुउपयोगी एमएच-60 'रोमियो' सी हॉक हेलीकॉप्टर की बिक्री को मंजूरी दे दी है। भारत को पिछले एक दशक से ज्यादा समय से इन हंटर हेलीकॉप्टरों की जरूरत थी।
रिपोर्ट के अनुसार भारतीय नौसेना के लिए 24 हेलिकॉप्टर की तुरंत आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भारत ने अमेरिका को खत भी लिखा था। रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) ने अगस्त माह में इन हेलिकॉप्टर की खरीद को मंजूरी दी थी। इसके साथ ही 111 अन्य हेलिकॉप्टर की खरीद को भी मंजूरी दी गई थी।
लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित ये एमएच-60 रोमियो सीहॉक हेलिकॉप्टर पनडुब्बियों और पोतों पर अचूक निशाना साधने में सक्षम हैं। ये हेलीकॉप्टर समुद्र में तलाश एवं बचाव कार्यों में भी उपयोगी हैं। ये दुश्मन की नावों को ट्रैक कर उनके हमलों को रोकने के लिए परिष्कृत लड़ाकू प्रणालियों- सेंसर, मिसाइल और टॉरपीडो से लैस हैं।