इस पत्र में ये भी लिखा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा बिहार और बंगाल को छोड़ करीब 15 राज्यों में सत्ता में आ चुकी है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो माओवादी पार्टी को खतरा हो सकता है। इसलिए वह सोच रहे हैं कि एक और राजीव गांधी की तरह हत्याकांड को अंजाम दिया जाए। इसमें कहा गया है कि हिंदू फासिज्म को रोकना अब बहुत जरूरी हो गया है। इसके लिए कुछ ऐसा करना होगा जो सुसाइड अटैक जैसा लगे। इसमें कहा गया कि हमारे पास ये मौका है। मोदी को रोड शो के दौरान टारगेट करना एक अच्छी योजना हो सकती है।
अप्रैल में जब्त माओवादी पत्र में वरवर राव की ‘मार्गदर्शन’ के लिए तारीफ
इस साल अप्रैल में पुणे पुलिस ने माओवादी नेता की ओर से लिखे गए एक कथित पत्र को जब्त किया था जिसमें देश में विभिन्न नक्सल गतिविधियों के लिए प्रतिष्ठित तेलुगू कवि वरवरा राव के कथित ‘मार्गदर्शन’ के लिए उनकी तारीफ की गई थी। राव उन पांच लोगों में शामिल हैं जिन्हें आज माओवादियों के साथ संदिग्ध जुड़ाव के आरोप में गिरफ्तार किया गया। महाराष्ट्र पुलिस ने कई राज्यों में प्रतिष्ठित वामपंथी कार्यकर्ताओं के घरों पर छापेमारी के बाद ये गिरफ्तारियां की हैं।
कॉमरेड मिलिंद द्वारा हिन्दी में लिखे पत्र में राव की तारीफ करते हुए उन्हें ‘वरिष्ठ कॉमरेड’ बताया गया है।
पत्र में कहा गया है, ‘‘ पिछले कुछ महीनों के दौरान वरिष्ठ कॉमरेड वरवर राव और हमारे कानूनी सलाहकार कॉमरेड वकील सुरेंद्र गाडलिंग की विभिन्न गतिविधियों में मार्गदर्शन की वजह से हमें राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रचार मिला है।’’