मेघालय में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सत्तारुढ़ भाजपा अपने बयान को लेकर काफी सजग हो गई है। इसी बीच केंद्रीय पर्यटन मंत्री स्वतंत्र प्रभारी केजे अल्फोंस ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी मर्जी के मालिक हैं। बीजेपी लोगों को यह नहीं बताएगी कि क्या खाएं और क्या पहने। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पहले ही साफ कर चुके हैं कि वह जनता की रक्षा करेंगे। किस प्रधानमंत्री में हिम्मत है ऐसा कहने की?
अल्फोंस ने कहा कि साल 2014 में
नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने से पहले यह दुष्प्रचार किया जा रहा था कि उनके आते ही चर्च में आग लगा दी जाएगी और ईसाइयों के साथ मारपीट की जाएगी। क्या पिछले तीन सालों में किसी भी चर्च को जलाया गया है। इस तरह की एक भी घटना सामने नहीं आई है। इसलिए भाजपा सरकार और उसके प्रधानमंत्री को उनके प्रदर्शन पर आंके।
बीफ मामले पर केजे अल्फोंस ने कहा कि भाजपा इस बात पर कायम है कि जनता जो खाना चाहती है खाए। मेघालय की जनता तय करेगी कि वह क्या खाना चाहती है और क्या पहनना चाहती है। अल्फोंसों को मेघालय का भाजपा प्रभारी बनाया गया है।