कानून मंत्री किरन रिजिजू ने सोमवार को एनसीपी नेता सुप्रिया सुले को दिलचस्प जवाब दिया है। उन्होंने ट्वीट कर एनसीपी नेता सुप्रिया सूले से कहा कि अभी मैं जिंदा हूं। दरअसल, पिछले हफ्ते लोकसभा में एक अजब वाकया हुआ था। वहां बोलते हुए सुप्रिया सुले ने किरन रिजिजू अब खेल मंत्री नहीं रहे कहने के स्थान पर गलती से बोल दिया था कि किरन रिजिजू अब नहीं रहे।
लोकसभा में पिछले सप्ताह सुप्रिया सुले ने खेल मंत्री के रूप में रिजिजू की भूमिका की और युवाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने में उनके योगदान की सराहना की थी। इस दौरान बोलते हुए सुले ने गलती से कह दिया था कि 'वह अब नहीं रहे'। इस पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने तुरंत टोका कि रिजिजू अब खेल मंत्री नहीं हैं। जिसके बाद सुप्रिया सुले ने तुरंत खुद को सही किया।
इसके बाद कानून मंत्री किरन रिजिजू ने सोमवार को ट्वीट कर लिखा, 'मैं अभी जिंदा हूं और अपना कर्तव्य निभा रहा हूं सुप्रिया सुले जी। सुखद शब्दों के लिए धन्यवाद क्योंकि खेल की भावना राजनीति और विचारधारा से परे एक टीम इंडिया बनाने के लिए है।' उन्होंने सुले और मौजूदा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर की सराहना करते हुए एक वीडियो भी साझा किया।
गौरतलब है कि रिजिजू अब कानून और न्याय मंत्री हैं। सुले ने कहा कि खेल मंत्री के रूप में रिजिजू का योगदान महत्वपूर्ण है और सदन को एक स्वर में उनकी तारीफ करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब अनुराग ठाकुर उस नेतृत्व को आगे बढ़ा रहे हैं।